चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वच्छता कार्यक्रम को अधिक गति देने और शहरी स्थानीय निकाय विभाग में और अधिक पारदर्शिता लाने के लिए डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण की निगरानी के लिए रियल टाइम ट्रैकिंग पोर्टल और मोबाइल एप्प का शुभारंभ किया। इस डिजीटल पहल से नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में लाइव लोकेशन के आधार पर कचरा संग्रहण के कार्य में लगी गाड़ियां और मैनपावर की सटीक जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी। प्रत्येक नागरिक अपने क्षेत्र और एरिया में चलने वाली गाड़ी की लाइव ट्रैकिंग देख सकता है। इस कदम से यह भी सुनिश्चित होगा कि हर घर से नियमित रूप से कचरा उठाया जा रहा है या नहीं। वर्तमान में 37 नगर पालिकाएं इस पोर्टल पर लाइव हो चुकी हैं।
मुख्यमंत्री जिला नगर आयुक्तों (डीएमसी) और नगर निगम आयुक्तों (एमसी) के साथ अहम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद रहे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा क्रियान्वित की जा रही विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा की गई। शहरों में लेगसी वेस्ट पर सख्त निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी शहर में कूड़े-कचरे के ढेर नहीं दिखाई दिए जाने चाहिए। सरकार का लक्ष्य शहरों को स्वच्छ बनाना है इसलिए सभी अधिकारियों को जिम्मेवारी के साथ काम करने की आवश्यकता है। स्वच्छता हमारी पहली प्राथमिकता है।
ये भी पढ़ें- फ्यूल की टेंशन खत्म! ये इलेक्ट्रिक कारें देंगी 400KM तक की रेंज, कीमत भी है बेहद कम

