Site icon Dainik Savera Times

पंजाब में ठंड ने तोड़ा 15 साल का रिकॉर्ड, कोहरे की वजह से बस पेड़ से टकराई, इन जिलों में होगी बारिश

cold weather in Punjab has broken record

cold weather in Punjab has broken record

पंजाब डेस्क : फरवरी की शुरुआत के साथ ही पंजाब में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बता दें कि शनिवार देर रात कई जिलों में हुई बारिश के बाद रविवार सुबह घना कोहरा छा गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी का महीना बीते 15 वर्षों में सबसे ठंडा दर्ज किया गया है।

संगरूर में कोहरे के कारण बस हादसा, 7 लोग घायल

संगरूर जिले में रविवार सुबह घने कोहरे के चलते एक निजी कंपनी की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। बस में सवार 10 कर्मचारियों में से 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। सभी घायलों को नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।

घायलों के मुताबिक, दृश्यता बेहद कम होने के कारण ड्राइवर को सड़क का सही अंदाजा नहीं लग पाया, जिससे बस का संतुलन बिगड़ गया और यह हादसा हो गया।

कई जिलों में रातभर हुई बारिश, सुबह से छाया कोहरा

फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, रूपनगर, पटियाला, पठानकोट और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में शनिवार रात हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इसके बाद सुबह के समय कोहरे की मोटी परत छा गई, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हुआ।

सभी जिलों में बारिश की चेतावनी, येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने 1 फरवरी को पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही 14 जिलों में आंधी, तेज हवाओं और बिजली गिरने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि लगातार सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण ठंड का असर इस बार ज्यादा देखने को मिला।

तापमान में गिरावट, फरवरी में धीरे-धीरे राहत की उम्मीद

जनवरी के दौरान राज्य का औसत तापमान सामान्य से नीचे रहा। पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में करीब 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री की और गिरावट संभव है।

ये भी पढ़ें: पर्यटन, खेल और यात्रा को मिलेगा नया आयाम, जम्मू-कश्मीर के लिए बजट में किया ये ऐलान

रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित हुई बारिश

राज्य में हुई बारिश को गेहूं और अन्य रबी फसलों के लिए लाभकारी माना जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, हल्की से मध्यम बारिश से खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होगी। जनवरी के दौरान मालवा क्षेत्र में शीतलहर की स्थिति बनी रही और कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया था।

Exit mobile version