5 महीने से वेतन ग्रांट बंद, कॉलेज शिक्षकों का राज्यव्यापी आंदोलन का ऐलान
August 2, 2026
College teachers announce agitation : लुधियाना। पंजाब और चंडीगढ़ कॉलेज टीचर्स यूनियन (PCCTU) ने आरोप लगाया है कि राज्य के 136 सरकारी सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों को पिछले पांच महीनों से सैलरी ग्रांट नहीं मिली है। इसके विरोध में यूनियन ने राज्य-स्तर पर आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है।
73.62 करोड़ की ग्रांट अटकी
यूनियन के पदाधिकारियों का दावा है कि मार्च से जून तक की सैलरी ग्रांट के तौर पर लगभग 73.62 करोड़ रुपये का बिल ट्रेजरी ऑफिस में अटका हुआ है, लेकिन सरकार इसे जारी नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वजह से हजारों शिक्षकों को अपना घर चलाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। PCCTU के राज्य अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह धालीवाल और सचिव बी.बी. यादव ने कहा कि अगर सरकार तुरंत सैलरी ग्रांट जारी नहीं करती है, तो राज्य भर के 136 सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षक और छात्र मिलकर सरकार की शिक्षा और वित्तीय नीतियों के खिलाफ बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।
राज्य से राष्ट्रीय स्तर तक होगा आंदोलन
AIFCTO के राष्ट्रीय सचिव डॉ. विनय सोफत ने भी सरकार के कामकाज पर सवाल उठाए और कहा कि शिक्षकों को समय पर सैलरी न मिलना एक गंभीर मामला है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात नहीं सुधरे, तो इस मुद्दे को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उठाया जाएगा। यूनियन ने सरकार से मांग की कि सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षकों की रुकी हुई सैलरी ग्रांट तुरंत जारी की जाए और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए।