Collision involving three vehicles on the Sugar Mill bridge : जालंधर। फगवाड़ा के शुगर मिल पुल पर वीरवार शाम तीन वाहनों की टक्कर हो गई। इस वजह से पुल पर लंबा जाम लग गया। हादसे में एक चालक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल करने की कार्रवाई शुरू की। मिली जानकारी के अनुसार पुल पर एक कैंटर पहले से खराब हालत में खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक ट्राले ने खड़े कैंटर को टक्कर मार दी। इसके कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहा एक अन्य ट्रक भी ट्राले से जा टकराया। देखते ही देखते तीनों वाहन आपस में भिड़ गए। कैंटर चालक बिंदर ने बताया कि उसका वाहन खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था।
इसी दौरान पीछे से आए ट्राले ने उसके वाहन को टक्कर मार दी, जिससे ट्राला चालक घायल हो गया। घायल चालक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के समय ट्राला चालक होशियारपुर से झारखंड के रांची की ओर जा रहा था। हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पीसीआर कर्मियों ने बताया कि दुर्घटना में एक चालक घायल हुआ है, जबकि अन्य दोनों वाहन चालकों का बचाव रहा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रालों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। हादसे के कारण कुछ समय तक पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

