Site icon Dainik Savera Times

कांग्रेस-आप सोशल मीडिया पर जारी कर रही है गलत तथ्य,लोगों को किया जा रहा भ्रमित-राणा

चंडीगढ़: कांग्रेस और आम आदमी पार्टी पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरु की टिप्पणी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कथन बता कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। यह आरोप चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश महामंत्री हुकुम चंद और सोशल मीडिया प्रभारी संजीव राणा ने लगाए हैं। इनका आरोप है कि इस मामले को लेकर पुलिस को शिकायत की जा रही है,ताकि आदर्श चुनाव आचार संहिता की अवहेलना कर सोशल मीडिया पर गलत प्रचार कर रहे आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से जुड़े लोगों पर सख्त कार्रवाई हो सके। इन्होंने मीडिया को जानकारी साझा करते हुए बताया कि सदन में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभापति संबोधित करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरु की एक टिप्पणी का जिक्र किया था।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री नेहरु के उस कथन को पढ़ते हुए बताया था कि वे एससी और एसटी वर्ग को आरक्षण देने के हक में नहीं थे। इस विषय पर उनकी क्या सोच थी। इसका पूरा ब्यौरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सदन में दिया था,लेकिन आम आदमी पार्टी और कांग्रेस से जुड़े नेताओं ने सोशल मीडिया में जो वीडियो जारी की है,उसमें नेहरु का जिक्र हटा दिया है। वीडियो को देखने और सुनने पर यह लगता है कि जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बोल रहे हैं,वह पूर्व में प्रधानमंत्री रहे जवाहरलाल नेहरु ने नहीं,बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहे थे।

उन्होंने कहा कि इस तरह की हरकतों से दो बातें स्पष्ट हो रही है,पहली यह कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी गलत प्रचार करके वोट हासिल करना चाहती है और दूसरा यह कि जो बात पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू ने कही थी,उस बात को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बताई जा रही है। इन दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज तक एससी एसटी वर्ग को आरक्षण का विरोध नहीं किया और ना ही उन्होंने कभी यह इच्छा प्रकट की कि वे यह चाहते हों कि इनके आरक्षण को खत्म किया जाए। भाजपा के प्रदेश महामंत्री हुकुम चंद और सोशल मीडिया प्रभारी संजीव राणा ने कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस चाहे कितना लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर ले,मगर देश की जनता सच्चाई को भली प्रकार जानती है और मतदान के समय इसका सही जवाब देगी।

Exit mobile version