Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

चंडीगढ़ में चल रहा कांग्रेस और आप का फ्रैंडशिप विद बैनीफिट खेल

May 25, 2024

चंडीगढ़ में चल रहा कांग्रेस और आप का फ्रैंडशिप विद बैनीफिट खेल

चंडीगढ़: भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि चंडीगढ़ में आप और कांग्रेस का फ्रैंडशिप विद बैनीफिट का खेल चल रहा है। इसके साथ ही दोनों पार्टियों की दिल्ली में दोस्ती, पंजाब में कुश्ती और चंडीगढ़ में मस्ती चल रही है। चार जून के बाद यह फ्रैंडशिप गठबंधन टूट जाएगा। वहीं उन्होंने चंडीगढ़ से प्रत्याशी मनीष तिवारी की उम्मीदवारी पर भी सवाल उठाया और मनीष की चंडीगढ़ को लेकर दी गई गारंटी को चाइनीज करार दिया। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी विकास की गारंटी है। कमलम में पत्नकारों से बातचीत करते हुए शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस प्रत्याशी मनीष तिवारी पर जमकर हमला बोला और उन्होंने इंडी गठबंधन पर भी सवाल उठाए।

उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को घेरते हुए कहा कि वे शहजादे राहुल गांधी के पदचिन्हों पर चल रहे हैं, क्योंकि राहुल गांधी अमेठी छोड़कर वायनाड गए और फिर वायनाड छोड़कर रायबरेली पहुंच गए हैं। इसी तरह मनीष तिवारी ने पहले लुधियाना से चुनाव लड़ा, इसके बाद लुधियाना छोड़कर श्री आनंदपुर साहिब पहुंच गए। श्री आनंदपुर साहिब में उन्होंने गुरु ओं की धरती पर कसम खाई थी कि वह उनके बीच में ही रहेंगे। मगर अब वहां से चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। यही नहीं उन्होंने 2029 और 2034 के लिए भी सीटों का चयन कर लिया है।

शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस प्रत्याशी को घेरते हुए कहा कि मोदी की गारंटी असली है, जबकि उनकी गारंटी चाइनीज है। लुधियाना और श्री आनंदपुर साहिब की जनता यह देख चुकी है। अब यह चंडीगढ़ की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो व्यक्ति गुरु ओं की धरती श्री आनंदपुर साहिब की जनता को धोखा दे सकते हैं, वह चंडीगढ़ की जनता का हित कैसे कर सकते हैं। वहीं उन्होंने सवाल उठाया कि मनीष तिवारी चंडीगढ़ में किसकी ओर से चुनाव लड़ रहे हैं। आज तक चंडीगढ़ की जनता को यही नहीं समझ आया कि तिवारी कांग्रेस के प्रत्याशी हैं, या फिर इंडी गठबंधन की ओर से चुनाव लड़ रहे हैं या आप और कांग्रेस के संयुक्त प्रत्याशी के तौर चुनाव मैदान में हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें