Congress protest against paper leak : जालंधर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीसी कार्यालय के बाहर पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता अंगद दत्ता ने आप सरकार पर पेपर लीक को लेकर निशाना साधते हुए प्रभावित विद्यार्थियों को इंसाफ मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
अंगद दत्ता ने आरोप लगाया कि आप सरकार के कार्यकाल में छह बार पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 10 लाख विद्यार्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक को लेकर सरकार जिम्मेदारी लेने की बजाय पुलिस को आगे कर रही है। शिक्षा मंत्री द्वारा मामले को अपने विभाग से जुड़ा न बताने पर भी उन्होंने सवाल उठाए। अंगद दत्ता ने कहा कि जब तक प्रभावित विद्यार्थियों को इंसाफ नहीं मिलता, कांग्रेस का प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने हाईकोर्ट में चल रहे मामले का हवाला देते हुए सरकार के पेपर लीक से इनकार करने पर भी सवाल खड़े किए।
राहुल गांधी की यात्रा में एकजुट दिखेगी कांग्रेस
कांग्रेस में अंदरूनी कलह के आरोपों पर अंगद दत्ता ने कहा कि पार्टी पूरी तरह एकजुट है। उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार बेअदबी जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को मुद्दा बना रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरेगी। राहुल गांधी की पंजाब यात्रा के दौरान पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता एकजुट नजर आएंगे।

