पंजाब डेस्क: बरनाला में आज पंजाब कांग्रेस की बड़ी रैली की जा रही है। वहीं इस मौके पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पंजाब के बरनाला में पहुंच गए हैं। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी मौजूद हैं। वह थोड़ी देर में रैली को संबोधित करेंगे।
केंद्र सरकार पर निशाना
रैली के मंच से कांग्रेस नेता महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में हैं। पार्टी का आरोप है कि केंद्र की नीतियों का असर किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। कांग्रेस इन मुद्दों को जनभावनाओं से जोड़ते हुए राजनीतिक माहौल को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम कर रही है।
‘मिशन 2027’ का आगाज़
बरनाला की यह सभा केवल मौजूदा मुद्दों तक सीमित नहीं है। इसे 2027 के चुनावी लक्ष्य की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व राज्य इकाई को एकजुट करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का संदेश देगा। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में जुटाने के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं।
जांच के बाद रैली में एंट्री
रैली में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। करीब 12 मेटल डिटेक्टर गेट लगाए गए हैं, जहां से लोगों की जांच के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जा रहा है।
राहुल गांधी का पंजाब कनेक्शन
राहुल गांधी की यह रैली लोकसभा चुनाव 2024 के बाद पंजाब में उनकी पहली बड़ी जनसभा मानी जा रही है। इससे पहले वे पटियाला में चुनावी सभा को संबोधित कर चुके हैं। नवंबर 2024 में उन्होंने Sri Harmandir Sahib में माथा टेककर सेवा की थी। वहीं, सितंबर 2025 में उन्होंने अमृतसर और गुरदासपुर के बाढ़ प्रभावित इलाकों अजनाला, घोनेवाल और मच्छीवाल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी, हालांकि उस दौरान उन्होंने कोई सार्वजनिक रैली नहीं की।
ये भी पढ़ें:
बरनाला की रैली को कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी नेतृत्व राज्य में अपनी जमीन मजबूत करने और विपक्षी दलों को सीधा संदेश देने की कोशिश करेगा। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि इस रैली का पंजाब की सियासत पर कितना असर पड़ता है।

