पंजाब डेस्क: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के बस्सी पठाना विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। कांग्रेस नेता डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि शनिवार को चन्नी का संघोल और खेड़ी नौध सिंह में जोरदार स्वागत करने की तैयारियां चल रही हैं।
डॉ. मनोहर सिंह के अनुसार, हर साल की तरह इस बार भी 15 अगस्त को खन्ना के पास इस्सरू गांव में कांग्रेस की विशेष रैली आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम पूर्व मंत्री गुरकीरत सिंह कोटली के नेतृत्व में होगा। रैली को सांसद चरणजीत सिंह चन्नी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता संबोधित करेंगे।
संघोल में सुबह 11 बजे जुटेंगे कार्यकर्ता
डॉ. मनोहर सिंह ने बताया कि बस्सी पठाना विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम लोग चन्नी के स्वागत के लिए पहुंचेंगे। शनिवार सुबह 11 बजे संघोल में लोगों के एकत्र होने का कार्यक्रम है। इसके बाद चन्नी के साथ एक बड़ा काफिला इस्सरू में होने वाली रैली के लिए रवाना होगा।
उन्होंने कहा कि चन्नी के रैली में शामिल होने को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम लोगों में काफी उत्साह है। संघोल में स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व सरपंच यूनियन अध्यक्ष राकेश कुमार, युवा नेता हरीश शर्मा, बरिंदर सिंह मोहनमाजरा, गुरप्रीत सिंह पनाचन और अमना कालेवाल सहित अन्य नेता करेंगे।
खेड़ी नौध सिंह में भी होगा स्वागत
खेड़ी नौध सिंह में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से चन्नी का स्वागत किया जाएगा। यहां पूर्व जिला परिषद सदस्य और पूर्व चेयरमैन वरिंदरपाल सिंह विंकी, जिला यूथ विंग इंटक अध्यक्ष गुरदीप सिंह दीपा, गुरमीत सिंह मीरपुर, अवतार सिंह सुहावी, सरपंच जोगा सिंह और सुखविंदर सिंह भड़ी सहित कई नेता मौजूद रहेंगे।
शहीदों की याद में हर साल होती है इस्सरू रैली
गौरतलब है कि कांग्रेस की ओर से हर साल 15 अगस्त को इस्सरू में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। यह कार्यक्रम महान शहीद करनैल सिंह और भूपिंदर सिंह की याद में आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाती है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजनीतिक मुद्दों पर अपने विचार रखते हैं। डॉ. मनोहर सिंह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पार्टी पदाधिकारियों और आम लोगों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है। इस मौके पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, युवा कार्यकर्ता, जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

