अमृतसर : सांसद गुरजीत सिंह औजला ने केंद्रीय पैट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्नी हरदीप सिंह पुरी को पत्न लिखकर एलपीजी गैस वितरण में हो रही गंभीर गड़बड़ियों और उपभोक्ताओं के साथ हो रही परेशानी के मामले में तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बताया कि भले ही सरकार और तेल कंपनियां एलपीजी और पीएनजी की उपलब्धता को लेकर आश्वासन देती हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर उपभोक्ताओं को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कई मामलों में गैस एजेंसियां बिना अनुमति ही सिलेंडर बुक कर देती हैं और उपभोक्ताओं को ऐसे डिलीवरी संदेश मिलते हैं, जिनकी उन्होंने मांग ही नहीं की होती। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रणाली की पारदर्शिता पर सवाल खड़े करती है, खासकर उस समय जब डीएसी (डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड) जैसे डिजीटल सिस्टम लागू किए गए हैं। इसके बावजूद कई उपभोक्ताओं को समय पर डिलीवरी नहीं मिल रही और 25 दिनों के नियम के बावजूद भी देरी हो रही है।
औजला ने मांग की कि डीएसी पर आधारित एसएमएस प्रणाली को सख्ती से लागू किया जाए, सभी बुक किए गए सिलेंडरों की निर्धारित समय में डिलीवरी सुनिश्चित की जाए और गैस एजेंसियों की निगरानी के लिए एक मजबूत प्रणाली तैयार की जाए। इसके साथ ही उन्होंने जीपीएस आधारित डोरस्टेप डिलीवरी वेरिफिकेशन सिस्टम लागू करने की भी सिफारिश की, ताकि गैस सिलेंडर केवल पंजीकृत पते पर ही पहुंचें और कालाबाजारी या गलत उपयोग को रोका जा सके। उन्होंने अंत में केंद्र सरकार से अपील की कि उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए तुरंत और सख्त कदम उठाए जाएं।

