Dainik Savera Times

बकाया पेमैंट की मांग पर दोनों ठेकेदारों ने की हड़ताल, निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों को नहीं मिला डीजल

जालंधर। निगम कमिश्नर गौतम जैन से लेकर समूह निगम अफसरों की लापरवाही के कारण सोमवार को निकाय मंत्री बलकार सिंह के शहर में कूड़ा उठाने का काम पूरी तरह से ठप्प रहा। बीते 3 माह से बकाया बिल के भुगतान की मांग कर रहे दोनों ठेकेदारों ने डंप से लेकर सभी 80 वार्डो से ट्रैक्टर ट्रॉली से कूड़ा उठाने का काम बंद कर दिया तो दूसरी ओर पैट्रोल पंप ने बकाया पेमैंट की मांग को लेकर निगम की कूड़ा उठाने वाली सरकारी गाड़ियों को डीजल देना बंद कर दिया, जिसके कारण निगम की मशीनरी ने भी कूड़ा उठाने का काम ठप्प रखा। जेसी पुनीत शर्मा द्वारा शाम तक पेमैंट देने की शर्त पर दोपहर बाद 2 बजे निगम की गाड़ी को डीजल मिला, जिसके बाद कुछेक डंप से कूड़ा उठाने का काम हो पाया। वैसे पूरे दिन नकोदर चौक, शहीद ऊधम सिंह नगर, प्लाजा चौक, बीएमसी चौक, फिश मार्कीट, विकासपुरी डंप पर कूड़ा सड़कों तक फैला रहा, जिसके कारण वाहन चालक भी परेशान रहे।

डीसीएफ पंकज कपूर का कहना है कि शाम को पैट्रोल पंप वाले को करीब 32 लाख रुपए के बकाया बिल का चैक जारी किया गया है। निगम के ठेकेदार गौरव गुप्ता की कूड़ा उठाने वाली सारी मशीनरी और ट्रैक्टर ट्रॉली बल्र्टन पार्क स्थित वर्कशॉप में खड़ी रही, जबकि आकाश कांट्रैक्टर की मशीनरी श्री गुरु रविदास चौक में बनी वर्कशॉप में खड़ी रही। इससे पहले दोपहर बाद तक निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी और मशीनरी लम्मा पिंड चौक नजदीक वर्कशॉप में खड़ी रही।

ठेकेदार के ड्राइवर और लेबर ने बकाया पेमैंट को लेकर निगम प्रशासन के खिलाफ रोष प्रदर्शन भी किया। ठेकेदार गौरव गुप्ता और आकाश कुमार का कहना है कि निगम से बकाया पेमैंट और बिल की मंजूरी होने तक कूड़ा उठाने का काम ठप्प रहेगा लेकिन हैरानी की बात है कि पूरे दिन में कमिश्नर से लेकर किसी अफसरों ने ठेकेदारों से बातचीत तक करने की कोशिश तक नहीं की।

Exit mobile version