Site icon Dainik Savera Times

10वीं-12वीं के प्रमाणपत्र की डुप्लीकेट कॉपी अब सेवा केंद्रों से मिलेगी

Copy of certificate from service centers : मोगा। पंजाब सरकार ने विद्यार्थियों और पूर्व विद्यार्थियों को बड़ी राहत देते हुए 10वीं और 12वीं कक्षा के गुम या क्षतिग्रस्त प्रमाणपत्र की दूसरी कॉपी जारी करने की सेवा सेवा केंद्रों के माध्यम से शुरू कर दी है। डिप्टी कमिश्नर सागर सेतिया ने बताया कि यह सुविधा 30 सितंबर 2026 तक उपलब्ध रहेगी और इसके लिए कोई सरकारी फीस या सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने जिले के लोगों से निर्धारित अवधि में इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस सेवा का लाभ लेने के लिए आवेदक पंजाब सरकार के ऑनलाइन पोर्टल eseva.punjab.gov.in के माध्यम से भी आवेदन संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा के प्रमाणपत्र की दूसरी कापी प्राप्त करने के लिए किसी भी प्रकार की सरकारी फीस या सुविधा शुल्क नहीं लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस पहल से विद्यार्थियों, पूर्व विद्यार्थियों और अन्य आवेदकों को अपने महत्वपूर्ण शैक्षणिक दस्तावेज दोबारा प्राप्त करने में बड़ी सुविधा मिलेगी। सागर सेतिया ने जिले के निवासियों से अपील की कि वे इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और निर्धारित अवधि के भीतर अपना आवेदन जमा करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि सेवा का लाभ लेते समय किसी प्रकार की तकनीकी समस्या आती है तो संबंधित जिले की आई.टी. शाखा से संपर्क किया जा सकता है।डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उनके घरों के नजदीक और सुविधाजनक तरीके से उपलब्ध करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रमाणपत्र की दूसरी प्रति जारी करने की यह सुविधा भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Exit mobile version