
पठानकोट : शहर में कचरे के ढेर लगाने और उसके उचित निस्तारण की जिम्मेदारी से बचने वाले बड़े संस्थानों के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। अब कचरा पैदा करने के बाद उसके प्रबंधन में लापरवाही बरतना संस्थानों को महंगा पड़ सकता है। नगर निगम ने सालिड वेस्ट मैनेजमेंट (एसडब्ल्यूएम) रूल्स-2026 के तहत बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) की श्रेणी में आने वाले संस्थानों को नोटिस जारी कर निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
निगम ने स्पष्ट किया है कि नियमों की अनदेखी करने पर संबंधित संस्थान के बिजली और पानी के कनेक्शन काटने के साथ जुर्माना भी लगाया जा सकता है। नगर निगम की इस कार्रवाई के दायरे में शहर के होटल, अस्पताल, शिक्षण संस्थान, बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य बड़े संस्थान शामिल हैं। इन सभी को अपने परिसर में ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग करने तथा उसके उचित प्रबंधन और निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी। अब ऐसे संस्थान खुले में कचरा फेंककर या पूरी तरह निगम की सामान्य कचरा उठाने वाली व्यवस्था पर निर्भर रहकर अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकेंगे।