Last Updated: November 8, 2026

Dainik Savera Times Logo

दल मंडी में अवैध डेयरी पर निगम की कार्रवाई, दो पशु जब्त

August 4, 2026

दल मंडी में अवैध डेयरी पर निगम की कार्रवाई, दो पशु जब्त

Corporation’s action against illegal dairy : अमृतसर। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में नगर निगम अमृतसर ने दल मंडी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित डेयरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने दो पशुओं को कब्जे में लेकर नगर निगम की गोशाला भेज दिया।

अवैध डेयरियों पर सख्त कार्रवाई 

यह कार्रवाई मेडिकल ऑफिसर हेल्थ (एम.ओ.एच.) डॉ. किरण तथा चीफ सेनेटरी ऑफिसर (सीएसओ) जेपी बब्बर की निगरानी में की गई। इस अवसर पर रणजीत सिंह, सी.एस.आई. सरबजीत सिंह, एसआई रविंदर राणा, तेजिंदर कुमार तथा पंजाब पुलिस की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिनके सहयोग से यह कार्रवाई सफलतापूर्वक संपन्न हुई। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि निगम सीमा के भीतर संचालित अवैध डेयरियां न केवल निगम के नियमों का उल्लंघन करती हैं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करती हैं। ऐसी गतिविधियां आम नागरिकों के लिए असुविधा का कारण बनती हैं। नगर निगम शहरवासियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस संबंध में अभियान निरंतर जारी रहेगा।

अतिरिक्त नगर निगम आयुक्त डॉ. जय इंदर सिंह ने निगम सीमा के भीतर संचालित सभी अवैध डेयरियों के संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि वे तत्काल अपनी अवैध गतिविधियां बंद करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध डेयरियों के विरुद्ध नगर निगम का अभियान बिना किसी ढिलाई के लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पशुओं की जब्ती सहित सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डेयरी संचालकों से अपील की कि वे अपना डेयरी व्यवसाय केवल अधिकृत स्थानों से ही संचालित करें।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें