Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

तकनीक का इस्तेमाल रोजगार बढ़ाने के लिए हो : वक्ता

November 9, 2026

तकनीक का इस्तेमाल रोजगार बढ़ाने के लिए हो : वक्ता

CPI Seminar Discusses Education, Jobs and AI Impact : मोगा। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) जिला मोगा की ओर से कॉमरेड रणधीर गिल की चौथी बरसी और समाजवादी अक्टूबर क्रांति की 109वीं वर्षगांठ को समर्पित विशेष सेमिनार शहीद नछत्तर सिंह धालीवाल भवन में आयोजित किया गया।

इसमें बड़ी संख्या में बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों, मजदूर एवं कर्मचारी संगठनों के नेताओं तथा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। सेमिनार में समाजवाद की प्रासंगिकता, शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के सामाजिक एवं आर्थिक प्रभावों पर गंभीर चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन सीपीआई के जिला उपसचिव डॉ. इंदरवीर गिल ने किया। उन्होंने कॉमरेड रणधीर गिल के जीवन और शिक्षक आंदोलन को मजबूत करने में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने मुख्य वक्ताओं और उपस्थित कार्यकर्ताओं का स्वागत भी किया।

इस अवसर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन के महासचिव दिनेश श्रीरंगराज ने एसआईआर और वोट चोरी के मुद्दे पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण शिक्षा व्यवस्था का निजीकरण बढ़ रहा है, जिससे विद्यार्थियों के सामने कई चुनौतियां खड़ी हो रही हैं। देश को शिक्षा पर कम से कम 10 प्रतिशत बजट खर्च करना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में शिक्षा और रोजगार के अधिकारों को लेकर आंदोलन चल रहे हैं, जिनमें विद्यार्थियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए विद्यार्थी और युवा संगठनों को मजबूत करना समय की जरूरत है।

मुख्य वक्ता पंजाब यूनिवर्सिटी के सीनेट सदस्य एवं प्रगतिशील लेखक संघ के महासचिव प्रो. सुखदेव सिरसा ने कहा कि समाजवादी अक्टूबर क्रांति का विश्व इतिहास में विशेष महत्व है। इस क्रांति ने समाज में नए विचारों और नई चेतना को जन्म दिया। उन्होंने कहा कि आर्थिक संघर्षों के साथ-साथ आम लोगों को सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाना भी जरूरी है। समाज में वैज्ञानिक सोच, मानवीय संवेदना, आपसी भाईचारा और आर्थिक समानता को बढ़ावा देकर ही बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कम्युनिस्ट आंदोलन के कार्यकर्ताओं को शिक्षित करने पर विशेष जोर दिया।

सेमिनार में ‘एआई : बुर्जुआ विकास की उत्कृष्टता और सर्वहारा उत्थान’ विषय पर विचार रखते हुए कॉमरेड जगरूप ने कहा कि नई तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल कॉरपोरेट घराने मुनाफा बढ़ाने और रोजगार कम करने के लिए कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एआई और आधुनिक तकनीक से कम मानवीय श्रम में अधिक उत्पादन संभव हो रहा है। ऐसे में काम के कानूनी घंटों की सीमा कम करके अधिक लोगों को रोजगार देने की नीति अपनाई जानी चाहिए। तकनीक का सही इस्तेमाल समाज में बेरोजगारी और आर्थिक असमानता जैसी समस्याओं को कम कर सकता है।

इस दौरान साहित्यकार बलदेव सड़कनामा, पूर्व शिक्षक नेता महेंद्र सिंह धालीवाल और ट्रेड यूनियन नेता जगदीश चाहल को विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं कॉमरेड रणधीर गिल के साथ काम कर चुके साथियों ने उनसे जुड़ी यादें भी साझा कीं। कार्यक्रम के अंत में ट्रेड यूनियन नेता गुरदीप मोती ने सभी मेहमानों का धन्यवाद किया और कॉमरेड रणधीर गिल की विचारधारा पर चलने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर आईपीटीए के कलाकारों ने भांडों की प्रस्तुति दी। मंच संचालन जिला पार्टी सचिव कॉमरेड कुलदीप भोला ने किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें