पंजाब में गैंगस्टर नेटवर्क और नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई को लेकर आम आदमी पार्टी के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने पंजाब सरकार की रणनीति की जानकारी दी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पुलिस की कोशिशों से अब तक विदेशों में मौजूद एक दर्जन से अधिक गैंगस्टरों को भारत वापस लाया जा चुका है।
अमेरिका से मोल्दोवा तक फैला कार्रवाई का दायरा
बलतेज पन्नू ने कहा कि विदेश भाग चुके अपराधियों को वापस लाने के लिए पंजाब पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास तेज किए हैं। उनके मुताबिक, अमेरिका, कनाडा, दुबई, मलेशिया और मोल्दोवा समेत अलग-अलग देशों से आरोपियों को वापस लाने की कार्रवाई की गई है। उन्होंने दावा किया कि तकनीक और आधुनिक उपकरणों के इस्तेमाल से पंजाब पुलिस की विदेशों में छिपे अपराधियों तक पहुंच बनाने की क्षमता मजबूत हुई है।
मोल्दोवा से अमृत ढल्लम की वापसी का दावा
आप नेता ने कहा कि हाल ही में एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की टीम ने गैंगस्टर अमृतपाल उर्फ अमृत ढल्लम को मोल्दोवा से वापस लाने की कार्रवाई पूरी की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने संबंधित पुलिस टीम से मुलाकात कर उनके काम की सराहना की।
पंजाब पुलिस को आधुनिक तकनीक से लैस करने का दावा
पन्नू ने कहा कि पंजाब सरकार ने पुलिस को केवल नए वाहनों और सामान्य संसाधनों तक सीमित नहीं रखा, बल्कि आधुनिक तकनीक और एडवांस्ड उपकरण भी उपलब्ध कराए हैं। उनका कहना है कि इन संसाधनों का इस्तेमाल संगठित अपराध और गैंगस्टर नेटवर्क की पहचान तथा कार्रवाई में किया जा रहा है।
पंजाब सरकार का संदेश: विदेश में छिपना आसान नहीं
पंजाब सरकार के अनुसार, विदेश भाग चुके गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई का उद्देश्य संगठित अपराध के नेटवर्क को कमजोर करना है। बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब में अपराध से जुड़े किसी भी गैंगस्टर के लिए विदेश में रहना सुरक्षित ठिकाना नहीं माना जा सकता।‘

