Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के नैटवर्क का भंडाफोड़, 5 किलो हैरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

September 21, 2025

सीमा पार से मादक पदार्थों की तस्करी के नैटवर्क का भंडाफोड़, 5 किलो हैरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार

अमृतसर: काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) अमृतसर ने विदेश में बैठे हैंडलर हरपाल सिंह द्वारा संचालित एक सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है और उसके कब्जे से 5.032 किलोग्राम हेरोइन बरामद करने के बाद उसके एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया है। यह जानकारी शनिवार को पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमृतसर के बहिड़वाल निवासी पवनदीप सिंह के रूप में हुई है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपी पवनदीप ने खुलासा किया है कि वह अपने विदेशी हैंडलर हरपाल सिंह के निर्देशों पर काम कर रहा था, जो अमृतसर के कोहाला गाँव का मूल निवासी है और वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है।

उन्होंने बताया कि हरपाल सिंह सीधे पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में है और उसने ड्रोन की मदद से सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की कई खेप मँगवाई है।उन्होंने कहा कि आगे की जाँच से पता चला है कि लगभग दो साल पहले अमरीका चले गए हरपाल सिंह का शुरु आत में रिकॉर्ड साफ़-सुथरा था, लेकिन विदेश में बसने के बाद वह नशीली दवाओं की तस्करी के धंधे में शामिल हो गया होगा। ऑपरेशन की जानकारी साझा करते हुए, डीजीपी ने कहा कि सीआई अमृतसर इस्पेक्टर इंद्रदीप सिंह और सब इंस्पेक्टर जगदीप सिंह को अमृतसर के धनोए कलां गाँव के पास भारत-पाक सीमा क्षेत्न से नशीले पदार्थों की खेप बरामद होने की विशेष खुफिया जानकारी मिली थी।

उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृतसर के बहिड़वाल गाँव के पास से संदिग्ध पवनदीप सिंह को उस समय रोक लिया जब वह किसी व्यक्ति को यह खेप पहुँचाने जा रहा था। उसके पास से नशीले पदार्थ बरामद किए गए। इस मामले में नैटवर्क के आगे-पीछे के संबंधों का पता लगाने और पूरी सांठगांठ का पर्दाफाश करने के लिए आगे की जाँच जारी है। पुलिस स्टेशन स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल, अमृतसर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 29 के तहत दिनांक 19-09-2025 को एफआईआर संख्या 52 दर्ज की गई है।

ये भी पढ़ें: सूखेपन और कमजोरी से परेशान? Vata प्रकृति वालों के लिए खास आहार

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें