Last Updated: November 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंजाब में महिलाओं को निशाना बनाकर पैसे वसूलने वाले साइबर धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश

March 11, 2026

पंजाब में महिलाओं को निशाना बनाकर पैसे वसूलने वाले साइबर धोखाधड़ी रैकेट का पर्दाफाश

चंडीगढ़/जालंधर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निदेशरें पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पंजाब पुलिस के स्टेट साइबर क्राइम डिवीजन ने सोशल मीडिया पर महिलाओं के नाम से फर्जी पहचान बनाकर लोगों से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय रैकेट का पदार्फाश किया है। इस मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक भार्गव, आकाश भार्गव उर्फ अमन और लक्की भार्गव के रूप में हुई है। तीनों राजस्थान के झुंझुनू के निवासी और सगे भाई हैं, जो फिलहाल मोहाली के सैक्टर-70 में रह रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 3.49 लाख रुपए नकद, 500 अमरीकी डॉलर, 29 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, डोंगल, टैबलेट और मोबाइल के 38 खाली डिब्बे बरामद किए हैं।

डीजीपी ने बताया कि आरोपी इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप्प पर महिलाओं के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से संपर्क करते थे। वे वॉयस-चेंजिंग सॉफ्टवेयर से महिलाओं जैसी आवाज निकालकर विश्वास जीतते और एआई से बनाए गए आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पैसे वसूलते थे। स्पैशल डीजीपी साइबर क्राइम वी. नीरजा ने बताया कि एक पीड़िता के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज हुआ। जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना आकाश भार्गव है, जिसने 2 साल पहले यह तरीका शुरू किया था। आरोपियों ने पूछताछ में करीब 40 लाख रुपए की ठगी करना स्वीकार किया है।

इस संबंध में स्टेट साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन, मोहाली में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(2), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों और पीड़ितों की तलाश में जांच जारी रखे हुए है। स्पैशल डीजीपी वी. नीरजा ने लोगों को सलाह दी कि सोशल मीडिया पर अजनबियों से सावधान रहें और निजी जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की धमकी या साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें