Site icon Dainik Savera Times

साइबर ठगों ने 72 वर्षीय बुजुर्ग को बनाया निशाना, गंवाए 11 लाख रुपये, मामला दर्ज

लुधियाना: जिले में 72 वर्षीय राकेश खन्ना के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने बुजुर्ग से 11 लाख रुपये ठग लिए हैं। इस संबंध में लुधियाना साइबर क्राइम थाने में मामला भी दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

व्हाट्सएप पर चैटिंग कर ली खाते की सारी जानकारी

धोखाधड़ी के शिकार राकेश खन्ना ने बातचीत के दौरान बताया कि दो दिन पहले वह गैस सिलेंडर बुक कर रहे थे और जब उन्हें सिलेंडर नहीं मिला तो उन्होंने ऑनलाइन शिकायत करने के लिए गैस कंपनी में जाकर एक नंबर पर संपर्क किया। एक व्यक्ति ने उनसे कहा कि 10 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करो और कहा कि तभी उन्हें सिलेंडर मिलेगा। उस व्यक्ति ने उनसे व्हाट्सएप पर चैटिंग शुरू कर दी और उनके खाते की सारी जानकारी ले ली और 50-50 हजार के करीब 22 ट्रांजेक्शन किए, जिससे उनके खाते से 11 लाख रुपये निकाल लिए गए।

मामला दर्ज

इस पूरे मामले को लेकर लुधियाना के सराभा नगर साइबर क्राइम थाने में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। साइबर क्राइम सराभा नगर के इंचार्ज जतिंदर सिंह ने बताया कि वे पूरे मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे जाल में न फंसें और कंपनी की आधिकारिक साइट से ही संपर्क नंबर लें।

Exit mobile version