जालंधर: लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा से शरारती तत्व द्वारा छेड़छाड़ किए जाने के बाद पंजाब भर में दलित समाज में रोष है। घटना के बाद लुधियाना सहित जालंधर में भी देर रात तक माहौल तनावपूर्ण रहा। मामले को लेकर लुधियाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, लेकिन प्रदर्शनकारी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं।
इसी कड़ी में बुधवार को दलित समाज की अलग-अलग जत्थेबंदियों ने जालंधर में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर डॉ. बी.आर. अंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना के डिप्टी कमिश्नर और पुलिस कमिश्नर को सस्पेंड करने की मांग उठाई।
नेता रमेश चोघा ने कहा कि बाबा साहेब की प्रतिमा से हुई छेड़छाड़ को लेकर समाज में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि पंजाब भर में आज अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन किए जा रहे हैं। उनका आरोप है कि लुधियाना में पहले भी ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, बावजूद इसके प्रतिमाओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए।
उन्होंने दावा किया कि पंजाब में बाबा साहेब की प्रतिमाओं से जुड़ी अब तक करीब 12 घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिनमें 7 प्रमुख घटनाएं शामिल हैं। उन्होंने दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि गिरफ्तारी नहीं हुई तो समाज के साथ मिलकर संघर्ष को और तेज किया जाएगा।
📍 Location: जालंधर डीसी ऑफिस (जालंधर)

