संगरूर: डिप्टी कमिश्नर जतिंदर जोरवाल ने तहसीलों और उप-तहसीलों में अपना काम करवाने आने वाले नागरिकों को स्वच्छ, पारदर्शी और समय पर सुविधाएं प्रदान करने के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं। आज जिला प्रशासनिक कांप्लेक्स में राजस्व विभाग से संबंधित विभिन्न मामलों पर बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि तहसीलों और उप-तहसीलों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग अपने काम करवाने के लिए पहुंचते हैं, इसलिए उन्हें कोई दिक्कत नहीं आनी चाहिए। सरकारी विभागों में लोगों के बैठने के लिए पर्याप्त जगह, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई आदि की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है और किसी भी सरकारी विभाग का कोई भी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी स्तर पर भ्रष्ट पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान उन्होंने लंबित नामांतरण मामले, कोर्ट केस, निशानदेही, जमाबंदी, बंटवारा मामले, लंबित उपयोग प्रमाण पत्र, मेरा घर मेरे नाम योजना आदि की भी विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर आकाश बांसल, एसडीएम संगरूर चरणजोत सिंह वालिया, एसडीएम सुनाम प्रमोद सिंगला, एसडीएम धूरी अमित गुप्ता, एसडीएम दिड़बा राजेश शर्मा, एसडीएम भवानीगढ़ विनीत कुमार, सहायक कमिश्नर उपिंदरजीत कौर बराड़, जिला राजस्व अधिकारी बादल दीन और अन्य अधिकारी मौजूद थे।

