पंजाब डेस्क: जालंधर शहर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें कि कालिया कॉलोनी के नजदीक गदाईपुर नहर से आज सुबह फैक्ट्री कर्मचारी का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान न्यू पृथ्वी नगर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि नहर से विशाल के शव के साथ उसकी स्कूटी भी बरामद हुई, जिसका इग्निशन ऑन था। परिवार ने इस घटना को हादसा मानने से इनकार करते हुए उसके साथ काम करने वाले दोस्तों पर हत्या का संदेह जताया है।
पत्नी से फोन पर हुई थी आखिरी बातचीत
परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 8:15 बजे विशाल की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। इस दौरान उसने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिवार ने जब उसके मोबाइल पर लगातार कॉल की तो फोन की घंटी बजती रही, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया।
आज तड़के करीब 4 बजे उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। इसके बाद परिजनों ने रातभर अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की। सुबह फैक्ट्री और घर के बीच पड़ने वाले रास्ते पर खोजबीन करते हुए परिवार गदाईपुर नहर के पास पहुंचा, जहां भीड़ जमा थी। वहां विशाल का शव और उसकी स्कूटी नहर में पड़े मिले।
नहर से स्कूटी समेत मिला शव
घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-8 के एसएचओ राकेश कुमार और फोकल प्वाइंट चौकी से एएसआई गुरदीप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
मौके से मृतक की स्कूटी नंबर PB-08-P-1888 भी बरामद की गई। शुरुआती जांच में स्कूटी का इग्निशन ऑन पाया गया। पुलिस घटनास्थल के आसपास के हालात और अन्य सबूतों की जांच कर रही है।
पत्नी और परिजनों ने तीन युवकों पर जताया शक
विशाल की पत्नी, बहन और जीजा ने उसके साथ काम करने वाले अजय, अशोक और एक अन्य युवक पर हत्या में शामिल होने का शक जताया है। परिवार का कहना है कि ड्यूटी खत्म होने के बाद विशाल अपने कुछ साथियों के साथ नहर की पुली के पास रुका था। वहां सभी ने शराब पी और गोलगप्पे भी खाए थे।
ये भी पढ़ें…
परिजनों के मुताबिक, गोलगप्पे बेचने वाले व्यक्ति ने भी बताया कि युवक नशे की हालत में थे और उनके बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। परिवार का आरोप है कि विशाल की तलाश के दौरान जब उन्होंने उसके दोस्तों से संपर्क किया तो किसी ने भी कोई जानकारी नहीं दी और सभी एक-दूसरे पर बात टालते रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और घटना के समय विशाल के साथ मौजूद रहे युवकों से पूछताछ की जा रही है।

