
जालंधर: जिले से उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद दीपक बाली ने अपनी पूरी टीम एवं समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर माथा टेका और परमात्मा का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने सभी की सुख-समृद्धि, आपसी भाईचारे, सर्वधर्म सद्भाव और जालंधर की खुशहाली के लिए प्रार्थना की।
इस धार्मिक यात्रा की शुरुआत दीपक बाली ने जालंधर डायोसिस के बिशप के निवास स्थान से की। यहां उन्होंने बिशप जोस सेबेस्टियन साहिब से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह जालंधर कैंट स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचे, जहां गुरु साहिब के चरणों में माथा टेककर जनसेवा और समाज की भलाई के लिए अरदास की। इसके उपरांत उन्होंने भगवान वाल्मीकि महाराज के मंदिर में माथा टेककर सभी के सुख, शांति और तरक्की की कामना की।
इस अवसर पर दीपक बाली ने कहा कि सभी धार्मिक स्थल हमें सेवा, विनम्रता, प्रेम, भाईचारे और मानवता की भलाई के लिए काम करने की प्रेरणा देते हैं। जनता की सेवा करना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है और वह परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि उन्हें लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की शक्ति प्रदान करें।
इस मौके पर पंजाब एग्रो के चेयरमैन मंगल सिंह बासी, डिप्टी मेयर मलकीत सिंह सुभाना, आत्म प्रकाश सिंह बबलू, बिन्नी जुनेजा, जॉर्ज सागर, बचित्तर कुलैर सहित टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी ने धार्मिक सद्भावना, आपसी एकता और समाज सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया। दीपक बाली ने धार्मिक हस्तियों और प्रबंधकों का आभार भी जताया।
📍 Location: जालंधर अलग-अलग धार्मिक स्थान (जालंधर)