Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

परमजीत सिंह सरना द्वारा अरदास के दौरान की गई बेअदबी की दिल्ली कमेटी करेगी तख्तों के जत्थेदारों से शिकायत

June 23, 2025

परमजीत सिंह सरना द्वारा अरदास के दौरान की गई बेअदबी की दिल्ली कमेटी करेगी तख्तों के जत्थेदारों से शिकायत

अमृतसर: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका और जनरल सैक्रेटरी जगदीप सिंह काहलों ने आज कहा कि अकाली नेता परमजीत सिंह सरना (Paramjit Singh Sarna) द्वारा गुरुद्वारा बंगला साहिब में निशान साहिब के पास की गई अरदास के दौरान राजनीतिक अपीलें करके अरदास की गंभीर बेअदबी की गई है। इसके संबंध में दिल्ली कमेटी तख्तों के जत्थेदारों को शिकायत भेजेगी और परमजीत सिंह सरना व उनके साथियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी। आज यहां जारी बयान में सरदार कालका और सरदार काहलों ने कहा कि सरना द्वारा कैमरों के सामने खड़े होकर अजीब ढंग से की गई अरदास एक नई मर्यादा स्थापित करने की असफल कोशिश थी।

उन्होंने कहा कि यह पहली बार देखा गया कि अरदास में सीधे तौर पर राजनीतिक भाषण दिया गया और राजनीतिक ताक़त के लिए गुरु साहिब के नाम का दुरुपयोग किया गया। उनके अनुसार ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे वह अरदास नहीं बल्कि मीडिया को बाइट देने या किसी रैली को संबोधित करने आए हों, क्योंकि हर सिख जानता है कि अरदास मन को एकाग्र करके की जाती है। बयान में आगे कहा गया कि यह देखकर हैरानी हुई कि अरदास करते समय सरदार परमजीत सिंह सरना कभी बाएं तो कभी दाएं देख रहे थे।

उन्होंने कहा कि यह भी ऐतिहासिक सच्चाई है कि 2022 में जब मौजूदा टीम का चुनाव हुआ, उस समय हमारे 30 सदस्य और सरना टीम के 21 सदस्य मौके पर मौजूद थे, लेकिन दोनों सरना भाई बैलेट बॉक्स से चिपके हुए थे। लोकतंत्र के अनुसार जिसकी संख्या अधिक हो, वही टीम बनती है, लेकिन शायद सरना भाई यह समझ रहे थे कि वे किसी तरह पैसे से मेंबरों को खरीदकर वोट डलवा लेंगे।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से उनके दल के एक के बाद एक ज़मीरदार सदस्यों ने उनकी घटिया भाषा और नकारात्मक प्रचार से तंग आकर उनका साथ छोड़ मौजूदा टीम का दामन थाम लिया, क्योंकि उन्होंने देख लिया कि एक ओर सरना भाई हैं जो केवल आलोचना करते हैं, और दूसरी ओर मौजूदा कमेटी है जो संगत के सहयोग से सेवा में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि ये सभी अटल सच्चाइयां हैं और सरना भाइयों को इन सच्चाइयों पर अपना मुंह खोलना ही पड़ेगा। संगत चाहती है कि गुरु घरों का प्रबंधन व्यवस्थित हो, स्वास्थ्य व शिक्षा की बेहतर सुविधाएं मिलें, लेकिन सरना भाइयों को इन बातों से कोई सरोकार नहीं है। बल्कि आज उन्होंने ‘बाला प्रीतम’ के स्थान पर जो कुछ किया, उसे देखकर संगत हैरान रह गई।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें