Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पब्लिक गोशाला को आदर्श बनाने पर मंथन, स्वास्थ्य-सफाई पर जोर

August 31, 2026

पब्लिक गोशाला को आदर्श बनाने पर मंथन, स्वास्थ्य-सफाई पर जोर

Deliberations on making the public gaushala : मोगा। पब्लिक गोशाला मोगा को आदर्श गोशाला के रूप में विकसित करने और गौवंश के बेहतर रखरखाव को लेकर प्रबंधन की बैठक कन्वीनर इंदर सूद की अध्यक्षता में हुई। बैठक में गौवंश के स्वास्थ्य, स्वच्छता, खुराक और संक्रमण से बचाव सहित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही गोशाला को पॉलीथिन मुक्त बनाने और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाकर इसके स्वरूप को और बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।

गोवंश के स्वास्थ्य संबंधी सुझाव देते हुए प्रदीप गर्ग ने कहा कि मौसम में हो रही तब्दीली को देखते हुए गोशाला में रोजाना डिटोल तथा मच्छरों के खात्मे के लिए दवा का छिड़काव करवाना जरूरी है। उन्होंने नंदीवंश की खुराक पर विशेष ध्यान देने तथा बीमार गायों और उनके बछड़ों को अलग स्थान पर रखने का सुझाव दिया, ताकि स्वस्थ पशुओं को संक्रमण से बचाया जा सके। सुरेश कुमार ने गोशाला में आने वाले लोगों द्वारा इस्तेमाल किए गए पॉलीथिन लिफाफों के उचित निपटारे और डस्टबिनों की सुबह-शाम सफाई पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रयास होना चाहिए कि पब्लिक गौशाला को पूरी तरह पॉलीथिन मुक्त बनाया जाए, जिससे यहां स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण कायम रह सके।

कन्वीनर इंदर सूद ने गोशाला में टोका मशीन, ट्रैक्टर, गोबर ढोने वाली रेहड़ियां, रोटी रिक्शा, कली-पेंट वर्क, वेल्डिंग कार्य, सीसीटीवी कैमरे, फुटकर कार्य तथा लेबर से संबंधित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से गौशाला का स्वरूप और बेहतर बनाया जा सकेगा तथा यहां आने वाले श्रद्धालुओं और दानदाताओं को सकारात्मक एवं आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव होगा। दमन सूद ने बैठक में शामिल सदस्यों की व्यवस्था और देखभाल का विशेष ध्यान रखा। बैठक संबंधी जानकारी देते हुए विजय शर्मा ने बताया कि इस अवसर पर प्रदीप कुमार, अशोक कुमार पूर्व पार्षद, प्रेम कुमार सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें