मोगा: धान की फसल को पर्याप्त बिजली सप्लाई न मिलने और लगातार लग रहे बिजली कटों से परेशान किसानों ने गुरुवार को मोगा स्थित बिजली दफ्तर के बाहर धरना देकर पंजाब सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। किसानों ने मांग की कि कृषि क्षेत्र के लिए घोषित 8 घंटे की लगातार बिजली सप्लाई सुनिश्चित की जाए।
धरने के दौरान भारतीय किसान यूनियन लखोवाल के जिला प्रधान सहित किसान नेताओं ने कहा कि पिछले कई दिनों से गांवों के किसान बिजली की समस्या को लेकर परेशान हैं। इस संबंध में कई बार सरकार और बिजली विभाग को अवगत करवाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
किसान नेताओं ने कहा कि इस समय धान की फसल को पानी की अधिक आवश्यकता है। समय पर सिंचाई न होने से फसल की पैदावार प्रभावित होने का खतरा है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा किसानों को 8 घंटे लगातार बिजली देने का दावा किया जा रहा है, जबकि कई गांवों में वास्तविकता यह है कि केवल 2 से 2.5 घंटे ही बिजली सप्लाई मिल रही है। इसके अलावा गांवों और शहरों में भी लंबे बिजली कट लगने से आम लोग परेशान हैं।
किसानों ने मांग की कि बिजली बोर्ड को सब्सिडी की राशि समय पर जारी की जाए और कृषि क्षेत्र को निर्बाध बिजली उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा तथा जरूरत पड़ने पर सड़कों पर उतरकर रोष प्रदर्शन किया जाएगा।
📍 Location: मोगा

