Dense Fog Alert In Punjab : पंजाब में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। आपको बता दें कि शनिवार सुबह राज्य के अधिकांश हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा और शीतलहर के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जिलों में ठंडी हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग ने राज्य में मंगलवार तक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
घने कोहरे का यातायात पर भी पड़ा असर
कोहरे का असर यातायात पर भी पड़ा। अमृतसर एयरपोर्ट पर दृश्यता बेहद कम होने के कारण छह उड़ानों को रद्द करना पड़ा। तापमान की बात करें तो लुधियाना दिन में सबसे ठंडा जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान सिर्फ 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इन राज्यो में घना कोहरा छाए रहने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार आज पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और मलेरकोटला में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।
इसके साथ ही अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा और बठिंडा जैसे जिलों में शीतलहर चलने की चेतावनी भी दी गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खासकर सुबह और शाम के समय बाहर निकलते वक्त सतर्क रहने की अपील की है।
7 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी
उधर, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी देखने को मिली। रोहतांग, शिंकुला, बारालाचा और कुंजुम दर्रे में ताजा हिमपात हुआ है। लाहौल और मनाली में बादल छाए रहे, जबकि इस सर्दी में पहली बार कांगड़ा जिले में भी कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने हिमाचल में 7 जनवरी तक घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

