जालंधर : पंजाब में कड़ाके की ठंड के साथ गिर रहे घने कोहरे ने जनजीवन और यातायात को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। शनिवार रात करीब 9:00 बजे लो-विजिबिलिटी के कारण जालंधर में सब्जी मंडी के पास एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक कार अनियंत्रित होकर गंदे नाले के किनारे जा फंसी। वहीं कार सवार मोहित ने आपबीती बताते हुए कहा कि वह अपने दोस्त के साथ वर्कशॉप चौक से बिधिपुर की ओर जा रहे थे।
कोहरा इतना घना था कि सड़क पर कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान नाले के पुल के पास उनकी कार अचानक सड़क से उतर गई। कार का आधा हिस्सा नाले की ओर लटक गया, जिससे उसमें सवार दोनों युवकों की जान पर बन आई। गनीमत रही कि कार पूरी तरह नाले में नहीं गिरी। हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंचे अमरजीत नामक ट्रैक्टर चालक ने मसीहा बनकर मदद की। उन्होंने अपने ट्रैक्टर की मदद से रस्सी बांधकर कार को सुरक्षित बाहर खींच लिया। घटना के बाद मोहित ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि नाले और पुल के किनारों पर रिफ्लेक्टर या सुरक्षा बोर्ड लगाए जाएं, ताकि धुंध के दिनों में ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।

