Site icon Dainik Savera Times

कांट्रैक्ट वर्कर्ज की हड़ताल के सामने झुका विभाग; सायं 6 बजे से सड़कों पर दौड़ी सरकारी बसें

अमृतसर : पंजाब रोडवेज पनबस / पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन की हड़ताल के 24 घंटों के भीतर विभाग झुक गया और कर्मचारियों की कई मांगें ट्रांसपोर्ट सचिव ने मान ली। यूनियन की स्टेट इकाई के साथ ट्रांसपोर्ट सचिव की बैठक देर सायं 4 बजे के बाद शुरु हुई और करीब 1 घंटा चली बैठक के बाद यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रेशम सिंह ने कमेटी की बैठक में विचार-विमर्श कर हड़ताल को वापस ले लिया और देर सायं 6 बजे के बाद रोडवेज और पनबस की बसें डीपुओं से बाहर निकल सड़कों पर दौड़ने लगी।

यूनियन के प्रदेश सचिव जोध सिंह, कैशियर बलजीत सिंह और चेयरमैन गुरविंदर सिंह ने बताया कि कल दोपहर से रोडवेज के डीपू बंद कर दिए गए थे। यूनियन ने आज रोडवेज वर्कशाप के गेट नंबर-1 के सामने रोष धरना दिया। इसी तरह पंजाब भर में वर्कशाप में रोष धरना दिया गया और कांट्रैक्ट पर काम करने वाले कर्मचारियों ने बसें डीपुओं से बाहर नहीं निकाली। उन्होंने अपने साथी कर्मचारियों के साथ रोष धरना देकर विभाग की गलत नीतियों के खिलाफ रोष प्रदर्शन कर नारेबाजी भी की।

उन्होंने बताया इस दौरान ही विभाग की तरफ से ट्रांसपोर्ट सचिव वरुण रूजम की ओर से यूनियन के प्रदेश कमेटी की बैठक बुला ली। बैठक में यूनियन नेताओं को बताया गया कि संगरूर जेल में बंद 9 कर्मचारियों की रिहाई के लिए मुख्यमंत्री को लिख दिया गया है। जबकि जेल में बंद 1 अन्य कर्मचारी के मामले में जांच के बाद केस को खारिज किए जाने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि इस बैठक में किलोमीटर स्कीम के तहत डाली डाने वाली बसों पर रोक लगा दी गई है।

वहीं उक्त यूनियन नेताओं के साथ पंजाब रोडवेज अमृतसर -1 यूनियन के प्रधान हीरा सिंह और सचिव सुखदेव सिंह ने बताया कि स्टेट कमेटी ने बैठक में स्पष्ट किया कि हाल ही में किलोमीटर स्कीम के तहत डाली गई 5 बसों को उनकी यूनियन कंडक्टर नहीं देगी।

उन्होंने बताया कि कांट्रैक्ट पर काम कर रहे कर्मियों को रैगुलर करने के लिए प्रक्रिया जारी है, जबकि 15 दिनों में आउटसोर्सिग पर काम कर रहे कर्मियों को कांट्रैक्ट पर लेने की बात भी ट्रांसपोर्ट सचिव ने कही है। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही विभागीय सचिव ने तीन दिन बाद ट्रांसपोर्ट मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ बैठक करवाए जाने की बात भी कही है। इस अवसर परब्रांच सचिव लवप्रीत सिंह समेत भारी संख्या में कांट्रैक्ट वर्कर्ज मौजूद थे।

Exit mobile version