Site icon Dainik Savera Times

80वें स्वतंत्रता दिवस पर फरीदकोट में डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने फहराया तिरंगा

फरीदकोट: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर महान सूफी संत बाबा शेख फरीद जी की पावन एवं ऐतिहासिक नगरी फरीदकोट में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन नेहरू स्टेडियम में किया गया। समारोह में डिप्टी कमिश्नर फरीदकोट राहुल चाबा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और मार्च पास्ट से सलामी ली। इस अवसर पर विधानसभा क्षेत्र के विधायक गुरदित्त सिंह सेखों विशेष रूप से मौजूद रहे।

पंजाबियों के बलिदान को किया याद

डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने स्वतंत्रता दिवस पर जिले और देशवासियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि हमें गर्व है कि देश के स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंजाबियों ने सबसे अधिक बलिदान दिए। उन्होंने कहा कि महान शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की कुर्बानियों के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में जीवन व्यतीत कर रहे हैं।

उन्होंने शहीदों के परिवारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उन्हें सम्मानित भी किया।

ग्रामीण विकास के लिए 96 करोड़ रुपये के फंड

फरीदकोट जिले के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी देते हुए राहुल चाबा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार इस ऐतिहासिक शहर और जिले के विकास के लिए लगातार फंड उपलब्ध करवाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास के लिए जिले को 96 करोड़ रुपये के फंड मिले हैं। इनसे पीने के पानी, गंदे पानी की निकासी, ठोस कचरा प्रबंधन तथा गांवों में अन्य सामुदायिक कार्य करवाए जा रहे हैं।

मनरेगा में फरीदकोट पंजाब में दूसरे स्थान पर

डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि वर्ष 2025-26 के दौरान जिला फरीदकोट मनरेगा के प्रदर्शन में पूरे पंजाब में दूसरे स्थान पर रहा। जिले में सड़क नेटवर्क को मजबूत किया गया है और स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं को आधुनिक बनाया जा रहा है।

ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घरों के नजदीक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 39 आम आदमी गांव क्लीनिक खोले जा रहे हैं। इनमें से 12 क्लीनिक स्वास्थ्य विभाग को सौंपे जा चुके हैं।

स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक कृषि पर जोर

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम स्थापित कर विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। किसानों के लिए नई सिंचाई योजनाएं लागू करने तथा कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए भी विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान की पराली जलाने की घटनाओं में फरीदकोट जिले में 76 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई, जो पूरे पंजाब में सबसे अधिक है।

युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए 89 खेल मैदान

युवाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें नशे से दूर रखने के उद्देश्य से जिले में 89 खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इन पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान को जिला प्रशासन पूरी गंभीरता से लागू कर रहा है। इस जनहित अभियान के तहत नशा तस्करी पर रोक लगाने के साथ-साथ नशे से प्रभावित लोगों का मुफ्त इलाज भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

विद्यार्थियों ने प्रस्तुत किए रंगारंग कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली विद्यार्थियों ने पीटी शो, रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, गिद्धा, भंगड़ा और विभिन्न लोकनृत्य प्रस्तुत किए। शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।

समारोह में सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल, दशमेश पब्लिक स्कूल, माउंट लिट्रा जी स्कूल, गुरु तेग बहादुर स्कूल महिमूआणा, ताज पब्लिक स्कूल जंड साहिब, मेजर अजीत सिंह कॉन्वेंट स्कूल, खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल और बाबा फरीद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन गुरतेज सिंह खोसा, इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन गगनदीप सिंह धालीवाल, मार्केट कमेटी के चेयरमैन अमनदीप सिंह बाबा, सूचना आयुक्त संदीप सिंह धालीवाल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर केशव गोयल, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर संदीप मल्होत्रा, एसपी (एच) मनविंदरबीर सिंह, एसपी (इं.) जुगेश्वर सिंह गुराया, एसडीएम पुनीत शर्मा, नगर काउंसिल अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बब्बू, ब्लॉक समिति चेयरमैन सरबजीत सिंह, पूर्व सांसद मोहम्मद सदीक, स्पोर्ट्स वेलफेयर के चेयरमैन राजिंदर दास रिंकू, जिला शिक्षा अधिकारी अंजना कौंसिल, उप जिला शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्कूलों के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

📍 Location: Faridkot (Faridkot)

Exit mobile version