Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों पहुंचे नाभा जेल, विक्रम मजीठिया से की मुलाकात

September 23, 2025

डेरा ब्यास प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों पहुंचे नाभा जेल, विक्रम मजीठिया से की मुलाकात

पंजाब डेस्क: राधा स्वामी सत्संग ब्यास (RSSB) के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों ने आज न्यू नाभा जेल में बिक्रम सिंह मजीठिया से मुलाकात की।

सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात लगभग 30 मिनट तक चली, लेकिन दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसका आधिकारिक ब्यौरा सामने नहीं आया है। यह पहली बार है जब संत ढिल्लों ने किसी बड़े राजनीतिक नेता से जेल में जाकर मुलाकात की है।

सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम

ढिल्लों की इस अप्रत्याशित यात्रा से पहले जेल परिसर और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था को काफी कड़ा किया गया था। उनकी मुलाकात के दौरान न्यू नाभा जेल के बाहर भारी संख्या में समर्थक और सत्संग अनुयायी एकत्रित हो गए थे, जिनसे ढिल्लों ने जेल से निकलने के बाद संक्षिप्त बातचीत भी की।

मजीठिया की गिरफ्तारी और मामला

बिक्रम मजीठिया इस समय आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। उन्हें 25 जून को पंजाब सतर्कता ब्यूरो (VB) ने गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने नशीली दवाओं के व्यापार से अर्जित कथित 540 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को वैध बनाने का प्रयास किया था। इस मामले में VB ने 22 अगस्त को मोहाली की अदालत में 40,000 से अधिक पृष्ठों का विस्तृत आरोपपत्र दायर किया है।

540 करोड़ की संपत्ति, शेल कंपनियों का जाल

FIR के मुताबिक, मजीठिया के पास करीब 540 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जो उनकी घोषित आय से कई गुना अधिक बताई जा रही है। विजिलेंस जांच में सामने आया है कि इस संपत्ति को छुपाने और ट्रांसफर करने के लिए कई शेल कंपनियों और संदिग्ध विदेशी लेनदेन का सहारा लिया गया। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने मजीठिया के घर से 29 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 iPad, 8 डायरियां और कई अहम दस्तावेज बरामद किए हैं।

ये भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड में होगा अगले ‘T20 वर्ल्ड कप 2028’ का आयोजन, इन 12 टीमों ने जगह की पक्की

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें