Last Updated: October 16, 2026

Dainik Savera Times Logo

निगम की जनरल हाउस में दोबारा चुनाव वाले 28 वार्डों के विकास कार्यों को मंजूरी

October 16, 2026

निगम की जनरल हाउस में दोबारा चुनाव वाले 28 वार्डों के विकास कार्यों को मंजूरी

पटियाला : पटियाला नगर निगम के जनरल हाउस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत दोबारा चुनाव होने वाले 28 वार्डों में विभिन्न विकास कार्यों को मंजूरी देने संबंधी प्रस्ताव पारित कर दिए। बैठक में 32 पार्षद मौजूद रहे। चर्चा है कि चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर जारी करने की तैयारी की जा रही है। ऐसे में निगम के इन फैसलों और आगामी कार्रवाई पर नजर रहेगी।

जनरल हाउस की मीटिंग में विधायक अजीतपाल सिंह कोहली, मेयर कुंदन गोगिया और कमिश्नर पूजा स्याल ग्रेवाल विशेष तौर पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले सप्ताह पंजाब सरकार को पटियाला नगर निगम के 28 वार्डों में छह सप्ताह के भीतर दोबारा चुनाव करवाने के निर्देश दिए थे। अदालत के आदेश के अनुसार, चुनाव प्रक्रिया की न्यायिक निगरानी की जानी है। ऐसे में चुनाव से ठीक पहले विकास कार्यों को मंजूरी देने और उन्हें शुरू करने की प्रक्रिया अहम हो गई है।

 

सीवरेज से लेकर पार्कों और सड़कों तक के काम मंजूर

निगम की ओर से पारित प्रस्तावों में सड़कों, गलियों, पार्कों, सीवरेज व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं से संबंधित कई कार्य शामिल हैं। वार्ड नंबर 34 की मुस्लिम कॉलोनी में सीवरेज लाइन और पंपिंग स्टेशन के लिए 13 लाख रुपए, वार्ड नंबर 55 की फ्रेंड्स कॉलोनी में नया पार्क बनाने के लिए आठ लाख रुपए और वार्ड नंबर 34 की मार्केट कॉलोनी की विभिन्न गलियों के निर्माण के लिए 44 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

इसी तरह, वार्ड नंबर 43 के भरपूर गार्डन के नवीनीकरण के लिए 7.50 लाख रुपए, वार्ड नंबर 46 की विभिन्न गलियों के निर्माण के लिए 7.50 लाख रुपए और वार्ड नंबर 34 में श्मशानघाट को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 27 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। वार्ड नंबर 37 के दारू कुटिया मोहल्ले में ग्रीन पार्क के नवीनीकरण और सड़कों के निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें