Last Updated: November 15, 2026

Dainik Savera Times Logo

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना

November 15, 2026

अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर छठी मैया की पूजा-अर्चना
 

Devotees Offer Sandhya Arghya to Sun God on Chhath Puja : मोगा। देशभर में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा तीसरे दिन बड़ी श्रद्धा, उत्साह और धार्मिक भावनाओं के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर व्रती महिलाओं ने जलाशयों और नहरों के किनारे पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य देवता को अर्घ्य दिया और छठी मैया की विधिवत पूजा-अर्चना की।

पूरे वातावरण में छठी मैया के जयकारों और भक्तिमय गीतों से धार्मिक माहौल बना रहा। छठ पूजा के दौरान सुहागिन महिलाओं के साथ-साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूरे उत्साह से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते नजर आए। महिलाओं ने बताया कि छठ पूजा का व्रत संतान की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि, पति की दीर्घायु और घर में सुख-शांति बनाए रखने के लिए रखा जाता है। धार्मिक मान्यता है कि सच्चे मन और पूरी श्रद्धा से छठी मैया की पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं। मान्यता के अनुसार छठी मैया निसंतान महिलाओं को संतान सुख का आशीर्वाद देती हैं और अपने भक्तों की झोलियां खुशियों से भर देती हैं।

महिलाओं ने बताया कि छठ पूजा का पर्व चार दिनों तक चलता है। इसकी शुरुआत नहाय-खाय से होती है। पहले दिन व्रती महिलाएं स्नान कर घर की साफ-सफाई करती हैं और शुद्ध सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं। दूसरे दिन खरना की परंपरा निभाई जाती है, जिसमें दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को गुड़ की खीर, रोटी और अन्य प्रसाद बनाकर पूजा की जाती है। इसके बाद व्रती महिलाएं करीब 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करती हैं। पर्व के तीसरे दिन संध्या अर्घ्य का विशेष महत्व होता है। इस दिन महिलाएं परिवार के सदस्यों के साथ पूजा सामग्री, फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद से भरे बांस के सूप और दउरा लेकर घाटों पर पहुंचती हैं।

पानी में खड़े होकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है और छठी मैया से परिवार की खुशहाली, संतान की उन्नति तथा सुख-समृद्धि की प्रार्थना की जाती है। वहीं पर्व के चौथे और अंतिम दिन सुबह उगते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद छठी मैया की पूजा कर व्रत का पारण किया जाता है। इसी के साथ चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन और आस्था से जुड़े महापर्व का समापन होता है। छठ पूजा केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि प्रकृति, सूर्य और जल के प्रति आभार व्यक्त करने का भी प्रतीक है। सूर्य को जीवन, ऊर्जा और स्वास्थ्य का आधार माना जाता है। इस पर्व के माध्यम से लोगों को स्वच्छता, अनुशासन, संयम, परिवार की एकता और प्रकृति के सम्मान का संदेश भी मिलता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें