बठिंडा: स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर पंजाब पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करनी शुरू कर दी है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बुधवार को बठिंडा में करीब 2.70 करोड़ रुपये की लागत से तैयार आधुनिक पुलिस कंट्रोल रूम व पुलिस कैफे का उद्घाटन किया। उन्होंने अधिकारियों से सुरक्षा तैयारियों की जानकारी लेकर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर चौकसी बढ़ाने के निर्देश दिए। आधुनिक कंट्रोल रूम में 75 इंच की एलईडी वाली 16 स्क्रीन लगाई गई हैं, जिनसे 250 सीसीटीवी कैमरों के जरिए 59 लोकेशन पर निगरानी रखी जा सकेगी।
कंट्रोल रूम को जीपीएस सिस्टम से जोड़कर पुलिस और पीसीआर वाहनों की लोकेशन पर भी नजर रखी जाएगी। यहां वीसी रूम, वायरलेस कंट्रोल रूम, सर्वर रूम, डीएसपी कार्यालय और वेटिंग रूम सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। डीजीपी गौरव यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थलों के साथ संवेदनशील स्थानों, ट्रांजिट प्वाइंट, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाने, 24 घंटे पेट्रोलिंग और जरूरत के अनुसार नाके लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने एंटी-सैबोटाज चेकिंग, प्रवेश-निकास व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और वीवीआईपी सुरक्षा प्रोटोकाल पर विशेष ध्यान देने को कहा। बैठक में खुफिया इनपुट, सुरक्षा व्यवस्था और फील्ड तैनाती की समीक्षा की गई। डीजीपी ने इंटेलिजेंस यूनिट व अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच रियल टाइम सूचना साझा करने तथा साइबर स्पेस और सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अफवाह, फेक न्यूज या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सामग्री पर तत्काल कार्रवाई की जाए। डीजीपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी सतर्कता से ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने लोगों से संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने और सुरक्षा जांच में सहयोग करने की अपील की।

