Site icon Dainik Savera Times

स्वतंत्रता दिवस से पहले DGP गौरव यादव ने जालंधर में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की

जालंधर : स्वतंत्रता दिवस-2026 के मद्देनजर डीजीपी गौरव यादव ने जालंधर का दौरा कर कमिश्नरेट पुलिस जालंधर तथा जालंधर रेंज की सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने जालंधर सहित कपूरथला, होशियारपुर और शहीद भगत सिंह नगर (एसबीएस नगर) जिलों में सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को संभावित खतरों और सुरक्षा चुनौतियों के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, स्टेट आर्म्ड पुलिस, पुलिस कमिश्नर जालंधर, डीआईजी जालंधर रेंज, जालंधर ग्रामीण, कपूरथला, होशियारपुर और एसबीएस नगर के एसएसपी, सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी तथा संबंधित जिलों के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान डीजीपी गौरव यादव ने स्वतंत्रता दिवस समारोहों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी संभावित खतरे से निपटने के लिए पुलिस बल की तैनाती जरूरत के अनुसार लचीली रखी जाए। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था ऐसी होनी चाहिए कि किसी भी अप्रिय स्थिति में पुलिस तत्काल और प्रभावी कार्रवाई कर सके।

उन्होंने पंजाब पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रतिबद्धता एवं पेशेवर कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस बल पंजाब के लोगों की सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रहा है।
डीजीपी ने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस प्रदेश की जनता की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Exit mobile version