मोगा। राजनीतिक परिस्थितियों में आए बदलाव के बीच भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला कार्यकारिणी सदस्य धर्मवीर प्रजापति एक बार फिर अपने पुराने राजनीतिक घर भाजपा में लौट आए हैं। उनकी घर वापसी पर भाजपा के जिला अध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल ने उनका मुंह मीठा करवाकर स्वागत किया और पार्टी का प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
धर्मवीर प्रजापति की भाजपा में वापसी को मोगा की स्थानीय राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल होते समय उनसे कई वादे किए गए थे, लेकिन उनमें से एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने के बाद उन्हें जल्द ही महसूस हो गया कि वहां न तो स्पष्ट नीतियां दिखाई देती हैं और न ही कोई ठोस कार्यक्रम। दूसरे दलों से नेताओं को शामिल करते समय बड़े-बड़े आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन बाद में उन वादों को भुला दिया जाता है।
धर्मवीर प्रजापति ने बताया कि आम आदमी पार्टी में उनका एक दिन भी मन नहीं लगा। भाजपा से उनका पुराना जुड़ाव और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ उनके संबंध हमेशा उनके लिए महत्वपूर्ण रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा छोड़ने के बाद भी उनके मन में अपनी पुरानी पार्टी और साथियों के प्रति अपनापन बना रहा। गौरतलब है कि धर्मवीर प्रजापति की पत्नी हेमलता वार्ड नंबर 24 से भारतीय जनता पार्टी की टिकट पर चुनाव जीतकर नगर निगम सदन में पहुंची थीं। बाद में वह भी अपने पति के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं।
धर्मवीर प्रजापति के अनुसार, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. हरजोत कमल के साथ दोबारा बातचीत हुई तो घर वापसी को लेकर पहले से ही उनका मन बन चुका था। डॉ. हरजोत कमल के साथ पुराने संबंधों और उनके आग्रह को वह टाल नहीं सके और अंततः एक बार फिर भाजपा परिवार में लौटने का निर्णय लिया। धर्मवीर प्रजापति की वापसी ऐसे समय में हुई है, जब मोगा की राजनीति में नए समीकरण बनते दिखाई दे रहे हैं। आम आदमी पार्टी में शामिल हुए कुछ अन्य नेताओं के बीच भी अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर नए सिरे से विचार-विमर्श की चर्चाएं हैं। ऐसे में धर्मवीर प्रजापति की घर वापसी को स्थानीय राजनीतिक हलकों में एक उल्लेखनीय घटनाक्रम माना जा रहा है।
📍 Location: मोगा

