Site icon Dainik Savera Times

पटियाला के चंगेरा गांव में फैला डायरिया, एक व्यक्ति की मौत, 60 लोग प्रभावित

पटियाला: राजपुरा के गांव चंगेरा में डायरिया फैलने के कारण जहां 60 लोग प्रभावित हैं, वहीं एक बुजुर्ग व्यक्ति की चंडीगढ़ अस्पताल में भर्ती होने के बाद मौत हो गई है। डायरिया फैलने का कारण पीने वाले पानी की सप्लाई में दूषित पानी का मिक्स होना बताया गया है जबकि अब जिला प्रशासन इस मामले पर गंभीर हो गया है और लोगों के लिए एक पानी का टैंकर भी भेजा गया है। वहीं आज एसडीएम राजपुरा अविकेश गुप्ता ने स्वास्थ्य विभाग और जल आपूर्ति विभाग की टीमों के साथ चेंगेरा गांव का दौरा किया। उन्होंने बताया कि एसएमओ बनूड़ से प्राप्त सूचना के आधार पर पता चला है कि चेंगेरा गांव में दूषित पेयजल के कारण कुछ लोग उल्टी-दस्त से पीड़ित हुए हैं।

उनके साथ ज़िला महामारी विशेषज्ञ डा. सुमित सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालोमाजरा डा. परमदीप कौर और जल आपूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता जे.एस. सिद्धू भी मौजूद थे। इस दौरान उपायुक्त डा. प्रीति यादव ने बताया कि ज़िला प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और वे स्थिति पर नज़र रखने के लिए एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग के साथ समन्वय कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि घर-घर सर्वे के दौरान लगभग 12 नए मामले सामने आए हैं और यहां 50 से 60 घर प्रभावित हैं, जहां मरीज सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यहां पेयजल लाइन में गंदा पानी मिला हुआ लग रहा है, क्योंकि कुछ जगहों पर बारिश का पानी भी जमा हो गया है।

उन्होंने बताया कि आज दो मरीज़ सिविल अस्पताल राजपुरा में भर्ती हुए और एक मरीज़ एक निजी अस्पताल में भर्ती है, वह भी अस्पताल गया है। एसडीएम ने बताया कि गांव में स्वच्छ पेयजल का एक टैंकर पहुंचा दिया गया है और लोगों को इसी टैंकर से पानी पीने के लिए कहा गया है। इस बीच, जिला महामारी विशेषज्ञ डा. सुमित सिंह ने बताया कि चंडीगढ़ के सैक्टर 32 स्थित सरकारी अस्पताल में एक 65 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध मौत हो गई है, जिसके संबंध में अस्पताल से विस्तृत जानकारी मांगी गई है और अस्पताल से विस्तृत जानकारी मिलने के बाद ही यह पुष्टि हो पाएगी कि यह मौत डायरिया से हुई है या नहीं।

ये भी पढ़े- एयर इंडिया का लोगों को बड़ा झटका, रद्द की भारत से UAE जाने वाली कई उड़ानें

Exit mobile version