Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

18 नवंबर को सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होगा ‘डिजिटल इनोवेशन टेक फेयर’

November 5, 2026

18 नवंबर को सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित होगा ‘डिजिटल इनोवेशन टेक फेयर’

अमृतसर: जिले में शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से पंजाब सरकार की मुहिम ‘मिशन रफ्तार’ के तहत 18 नवंबर 2026 को मेरिटोरियस स्कूल, अमृतसर में भव्य ‘डिजिटल इनोवेशन टेक फेयर’ आयोजित किया जा रहा है। इसमें जिले के सभी सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग लेंगे।

इस टेक फेयर का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में कंप्यूटर साइंस, सूचना प्रौद्योगिकी और नवाचार की सोच को प्रोत्साहित करना तथा उनके तकनीकी कौशल को निखारना है। इस मंच के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

इस महत्वपूर्ण पहल को सफल बनाने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी शिक्षा) सरदार हरजिंदर सिंह, जिला नोडल अधिकारी श्री सौरभ दीप और ब्लॉक नोडल सदस्यों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। उनके नेतृत्व में विद्यार्थियों को डिजिटल युग की आवश्यकताओं, चुनौतियों और तकनीकी अवसरों से अवगत करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिला नोडल अधिकारी श्री सौरभ दीप ने बताया कि इस टेक फेयर के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अपने आई.टी. प्रोजेक्ट, रोबोटिक्स मॉडल, सॉफ्टवेयर प्रदर्शनियां और डिजिटल कला से संबंधित नवीन रचनाएं प्रस्तुत की जाएंगी। विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना पैदा करने के लिए विजेता स्कूलों को नकद पुरस्कार भी दिए जाएंगे। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले स्कूल को 3,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले स्कूल को 2,100 रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्कूल को 1,100 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

यह टेक फेयर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ नई तकनीकों को सीखने, नए विचार विकसित करने और भविष्य में तकनीकी क्षेत्र में अपना करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगा, जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा सभी स्कूल प्रमुखों, शिक्षकों, अभिभावकों और शिक्षा प्रेमियों से इस टेक फेयर में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की गई है।

📍 Location: Amritsar (Amritsar)

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें