Last Updated: October 18, 2026

Dainik Savera Times Logo

जालंधर कैंट स्टेशन पर डिजीटल लॉकर सुविधा जल्द शुरू; 3-4 दिनों में चालू होगी सेवा

March 22, 2026

जालंधर कैंट स्टेशन पर डिजीटल लॉकर सुविधा जल्द शुरू; 3-4 दिनों में चालू होगी सेवा

जालंधर: जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डिजीटल लॉकर सुविधा पूरी तरह तैयार कर दी गई है। रेलवे प्रशासन द्वारा लॉकर इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा कर लिया गया है और अब इन्हें शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। अधिकारियों के अनुसार, आगामी 3 से 4 दिनों के भीतर आवश्यक कनैक्शन देकर सेवा को चालू कर दिए जाने की उम्मीद है। इस सुविधा के शुरू होने से यात्रियों को अपने सामान की सुरक्षा को लेकर बड़ी राहत मिलेगी। खासकर लंबी दूरी के यात्रियों और स्टेशन पर कुछ समय रुकने वाले यात्रियों के लिए यह व्यवस्था बेहद उपयोगी साबित होगी।

डिजीटल लॉकर के उपयोग की प्रक्रिया को सरल और तकनीकी रूप से सुलभ बनाया गया है। यात्री टैब पर टैप कर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे, जिसके बाद व्हाट्सएप्प पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन होगा। इसके बाद भुगतान कर लॉकर बुक किया जा सकेगा। वहीं, सामान निकालने के लिए भी इसी प्रक्रिया का पालन करना होगा, जिसमें ओपन एंड कीप और ओपन एंड लीव, जैसे विकल्प उपलब्ध रहेंगे।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस सुविधा के लिए किराया लगभग 30 से 40 रुपए प्रति घंटा के हिसाब से निर्धारित किया जा सकता है, हालांकि अंतिम दरें शुरू होने के समय स्पष्ट की जाएंगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। भुगतान करने के बाद लॉकर खुलने तक एप्प को खुला रखना जरूरी होगा। यदि भुगतान सफल होने के बावजूद लॉकर नहीं खुलता है, तो यात्री हैल्पलाइन नंबर 1800 267 8737 पर संपर्क कर सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी ट्रेन के प्रस्थान से कम से कम 45 से 60 मिनट पहले अपना सामान लॉकर से निकाल लें, ताकि किसी भी अप्रत्याशित समस्या से निपटने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। निर्धारित समय सीमा से अधिक उपयोग करने पर अतिरिक्त शुल्क भी लिया जाएगा।

इसके अलावा, लॉकर का आकार बुकिंग से पहले सावधानीपूर्वक चुनने के निर्देश दिए गए हैं, क्योंकि गलत चयन की स्थिति में रिफंड नहीं मिलेगा। सामान निकालने के बाद लॉकर का दरवाजा ठीक से बंद करना अनिवार्य होगा। यदि लॉकर पर लगा एलईडी इंडिकेटर लगातार ब्लिंक करता दिखाई दे, तो तुरंत दरवाजा बंद करें या हैल्पलाइन पर संपर्क करें। रेलवे द्वारा शुरू की जा रही यह डिजीटल लॉकर सुविधा स्टेशन पर आधुनिक यात्री सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें