Site icon Dainik Savera Times

हॉकी एशियन चैंपियंस ट्राॅफी की तैयारियों को लेकर डायरैक्टर स्पोर्ट्स ने किया बर्ल्टन पार्क का दौरा

जालंधर : आगामी 1 नवंबर से शुरू होने वाली एशियन हॉकी खेलों की तैयारियों को लेकर डायरैक्टर स्पोर्ट्स अभिजीत कपलिश ने बुधवार को बर्ल्टन पार्क जालंधर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने खेल आयोजन से संबंधित चल रहे विभिन्न विकास कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान बर्ल्टन पार्क में चल रहे विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

डायरैक्टर स्पोर्ट्स ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं ताकि खेलों के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए बेहतर एवं सुचारू व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। अधिकारियों ने बर्ल्टन पार्क में सफाई व्यवस्था, बुनियादी ढांचे, सौंदर्यीकरण और अन्य नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

खेलों में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पार्क और आसपास के क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा आवश्यक सुविधाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए। इस मौके पर नगर निगम जालंधर के कमिश्नर सुरेन्द्र सिंह ने भरोसा दिलाया कि एशियन हॉकी खेलों के सफल आयोजन के लिए नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी कार्य समय पर पूरा करने और आयोजन के दौरान साफ-सफाई सहित अन्य नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एडीसी अमरजीत बैंस सहित नगर निगम जालंधर के वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि एशियन हॉकी खेलों के आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं।

Exit mobile version