Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

पेड़ से लकड़ी काटने पर हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, 1 की मौत

October 1, 2026

पेड़ से लकड़ी काटने पर हुआ विवाद खूनी झड़प में बदला, 1 की मौत

मोगा: थाना सदर के अंतर्गत गांव बघेले वाला में पेड़ से लकड़ी काटने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव बघेले वाला निवासी केवल सिंह पुत्र गुरनाम सिंह के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोगा के सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले में आरोपित बताए जा रहे कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

थाना सदर प्रभारी गुरपाल सिंह के अनुसार, केवल सिंह गांव में लगे कीकर आदि पेड़ों से लकड़ी काट रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे पेड़ काटने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने केवल सिंह पर लाठियों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद घायल केवल सिंह की हालत गंभीर हो गई और उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल की जांच करने के बाद शव को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों तथा पूरे विवाद की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📍 Location: मोगा

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें