
मोगा: जिले के थाना बधनी कलां के अंतर्गत आते गांव बुट्टर कलां में जमीन को जाने वाले रास्ते को लेकर चल रहे विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया। आरोप है कि विवाद के चलते 10 लोगों ने एक घर में घुसकर शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और उसे गंभीर चोटें पहुंचाईं। जब शिकायतकर्ता का भाई उसे हमलावरों से छुड़ाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। घायल शिकायतकर्ता को उपचार के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती करवाया गया।
पुलिस को दर्ज करवाए गए बयान में गांव बुट्टर कलां निवासी सुखदेव सिंह पुत्र गज्जण सिंह ने बताया कि जमीन को जाने वाले रास्ते को लेकर चल रहे विवाद के दौरान आरोपियों ने उसके घर में दाखिल होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसे घेरकर चोटें पहुंचाईं। इसी दौरान जब उसका भाई भजन सिंह उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाने के लिए मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके भाई को भी नहीं बख्शा और उसके साथ भी मारपीट की।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने हथियारों का इस्तेमाल किया और शोर-शराबा होने पर सभी आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में दाखिल करवाया गया।
पुलिस द्वारा दर्ज मामले के अनुसार, इस घटना में गांव बुट्टर कलां निवासी प्यार सिंह पुत्र किशन सिंह, करम सिंह पुत्र भाग सिंह, मुख्तियार सिंह पुत्र किशन सिंह, किशन सिंह पुत्र दियाल सिंह, गुरमेल सिंह पुत्र मुख्तियार सिंह, बलवीर सिंह पुत्र गुलजार सिंह, हरप्रीत सिंह उर्फ बॉबी पुत्र जिंदर सिंह, अरसू पुत्र जगराज सिंह उर्फ राजा, मखन सिंह पुत्र किशन सिंह और मनप्रीत कौर पुत्री प्यार सिंह को नामजद किया गया है।
पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की विभिन्न धाराओं 333, 118(1), 115(2), 191(3) और 190 के तहत थाना बधनी कलां में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा घटना में शामिल आरोपियों की भूमिका और मारपीट के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियारों संबंधी तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
📍 Location: मोगा