Site icon Dainik Savera Times

टिक्की की रेहड़ी हटाने को लेकर विवाद, दुकानदार आपस में भिड़े, 4 घायल

लुधियाना: किताब बाजार में टिक्की वाले को लेकर हुए विवाद में किताब बाजार मार्कीट और बिजली मार्कीट के दुकानदार आमने-सामने हो गए। यह विवाद आपस में खूनी जंग में बदल गया। दोनों ही पक्षों ने एक-दूसरे पर डंडों से हमला और तोड़फोड़ के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसमें किताब बाजार मार्कीट एसोसिएशन के प्रधान समेत चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने अपना सिविल अस्पताल में मैडीकल करवाया और पुलिस में शिकायत दी। फिलहाल थाना कोतवाली की पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि किताब बाजार चौक में टिक्की की रेहड़ी को लेकर विवाद कोई नया नहीं है।

कई बार नगर निगम का तहबाजारी विभाग सड़क के बीचों-बीच लगने वाली इन टिक्की की रेहड़ियों पर कार्रवाई कर चुका है लेकिन शाम होते ही दोबारा यह टिक्की की रेहड़ियां वहीं लग जाती थीं। अब 20 दिन से निगम की कार्रवाई के बाद यहां पर टिक्की की रेहड़ियां नहीं लग रही थीं। किताब बाजार मार्कीट एसोसिएशन के प्रधान जसपाल सिंह बंटी का कहना है कि कुछ दिनों से टिक्की की रेहड़ियां यहां नहीं लग रही थीं। फिर रेहड़ी वाला उनके पास आया और एक टेबल लगवाने की बात कही। बंटी का कहना है कि बाकी दुकानदारों को भी इस पर कोई ऐतराज नहीं था, इसलिए शुक्रवार को टिक्की वाले ने अपना एक टेबल लगवा लिया।

बंटी का आरोप है कि इसके बाद बिजली मार्कीट के चार लोग आए और टिक्की वाले को गालियां देने लगे और उसका सारा सामान पलट दिया। बंटी का कहना था कि तवे पर तेल गर्म था, शुक्र है कि किसी राहगीर को उससे कोई नुक्सान नहीं हुआ। उनका कहना है कि जब वह बात करने आए तो दूसरे पक्ष ने उन्हें भी गालियां देनी शुरू कर दी और हाथापाई की। उन्होंने उन पर गंभीर आरोप लगाए। दोनों तरफ के दुकानदार आमने-सामने हो गए। इसके बाद कुछ लोगो ंने मामला शांत करवा दिया। बंटी ने बताया कि सारे मामले के बाद वह कुछ लोगों के कहने पर समझौते के लिए दूसरे पक्ष के पास गए।

बंटी का आरोप है कि वहां पर चार लोगों ने उन पर हमला कर दिया। उन्होंने डंडे से उनके सिर पर वार किए, जिससे उनके सिर पर चोट आई। वहीं दूसरे पक्ष के मनप्रीत का कहना है कि टिक्की की रेहड़ियां बीच सड़क में लगती थीं, जिससे ट्रैफिक जाम होता था। कई बार नगर निगम ने कार्रवाई की लेकिन शाम को दोबारा रेहड़ियां लग जाती। मनप्रीत का कहना है कि इसके बाद इलैक्ट्रिक मर्चेट एसोसिएशन समेत नजदीक लगते तीन बाजारों की एसोसिएशनों ने इस बारे में शिकायत की, जिस पर कार्रवाई हुई और 20 से 25 दिन पहले यह रेहड़ियां वहां लगने से हट गईं। मनप्रीत का कहना है कि शुक्रवार को यह रेहड़ियां दोबारा लग गईं।
उन्होंने नगर निमम में तहबाजारी विंग में फोन किया। मनप्रीत का आरोप है कि जब निगम की टीम कार्रवाई के लिए आई तो जसपाल सिंह बंटी अपने साथियों समेत वहां आ गया। वह भी वहां मौजूद थे।

बंटी ने इस बात को लेकर हमला कर दिया लेकिन कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मौका संभाला। मनप्रीत का कहना है कि इसके बाद वह अपनी दुकान पर आ गए। उनका आरोप है कि तभी जसपाल सिंह बंटी, अपने दोनों बेटों व अन्य लोगों के साथ आ गया। वहां उसने उनकी दुकान पर तोड़फोड़ की और उन पर व उनके दोनों भाइयों इंद्रजीत व परमवीर पर हमला कर घायल कर दिया। इस सारे वाक्या की सी.सी.टी.वी. फुटेज भी उनके पास है। मनप्रीत का कहना है कि चोटों के अलावा उनका एक दांत भी टूट गया। उन्होंने व उनके दोनों भाइयो ंने सिविल अस्पताल में मैडीकल करवाकर दरखास्त पुलिस को दे दी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version