Site icon Dainik Savera Times

वैस्ट हलके की सड़कों के टैंडरों में फिर गड़बड़ी; चंडीगढ़ के अफसरों ने दिए जांच के आदेश

जालंधर: जालंधर सैंट्रल हलके में बी एंड आर ब्रांच के टैंडरों में एक बार फिर से घोटाले की कोशिश की भनक सरकार स्तर पर लग गई है। इसको लेकर निकाय विभाग के अफसरों के साथ बी एंड आर ब्रांच के चीफ इंजीनियर ने सड़कों के टैंडर से पहले बनाए गए एस्टीमेट में गड़बड़ी की जांच करने का आदेश दिया है। चीफ इंजीनियर की चिट्ठी के बाबत कमिश्नर संदीप ऋषि ने गड़बड़ी वाले एस्टीमेट के टैंडर खोलने पर रोक लगाते हुए बी एंड आर ब्रांच के एसई से रिपोर्ट तलब की है। जांच रिपोर्ट के बाद कई तरह का खुलासा होने की उम्मीद है।
दरअसल गत दिवस निगम में चारों विधानसभा हलकों के टैंडरों के विकास कार्य के टैंडर खोले जाने थे।

इसमें से अधिकांश काम सड़कों के शामिल हैं। इसमें से सैंट्रल, नॉर्थ और कैंट हलके के सारे टैंडर खोल दिए गए, लेकिन वैस्ट हलके के एस्टीमेट में गड़बड़ी के कारण 80 में से 78 टैंडर पर रोक लगाने के कारण नहीं खोले गए हैं। दरअसल टैंडर के लिए बनाए गए एस्टीमेट को थर्ड पार्टी की जांच से बचाने के लिए एक ही वार्ड की एक ही सड़क को कई भाग में बांटकर अलग-अलग एस्टीमेट के टैंडर लगाए गए हैं। उसमें भी हैरानी की बात है कि टैंडर को थर्ड पार्टी की जांच के दायरे से बाहर रखने के लिए उसे 10 लाख की लागत से कम वाला बनाया गया है। जैसे एक ही सड़क में अलग-अलग एस्टीमेट को 10 लाख से कुछ हजार नीचे का रखा गया है, ताकि वो थर्ड पार्टी की जांच से बाहर हो सके।

इस काम में सड़कों के एस्टीमेट बनाने वाले जेई-एसडीओ के साथ संबंधित ठेकेदार की मिलीभगत सामने आ सकती है। कारण इस तरह के एक-दो नहीं बल्कि वैस्ट हलके के करीब 78 सड़कों के टैंडर के एस्टीमेट शामिल हैं जबकि इससे पहले वैस्ट हलके के टैंडरों में निगम ठेकेदार द्वारा पूल करने के आरोप में मेयर वनीत धीर एफ एंड सीसी की मीटिंग में 44 सड़कों के काम के टैंडरों को रद्द कर चुके हैं। इस कारण से हलके की सड़कों के दोबारा से टैंडर होने के बाद सड़कों के काम में देरी जाहिर है। वैसे दोबारा से बड़े पैमाने पर सड़कों के एस्टीमेट में जांच के कारण उसके टैंडर खोलने में देरी के कारण बरसात के बाद सड़क बनाने के काम में देरी होना तय है। बताया जा रहा है कि एस्टीमेट में गड़बड़ी की यह शिकायत निकाय विभाग के चीफ विजीलैंस अफसर से भी की गई है, आने वाले दिनों में कभी भी जालंधर में जांच करने टीम पहुंच सकती है।

ये भी देखें: Akshay Kumar–Paresh Rawal के साथ फिर दिखेंगे Rajpal Yadav, बोले- इस बार कुछ नया होगा 

Exit mobile version