Last Updated: September 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

7 लाख रुपए के कर्ज से परेशान साइकिल मिस्त्री हरिगढ़ नहर में कूदा, दो दिन से तलाश जारी

September 24, 2026

7 लाख रुपए के कर्ज से परेशान साइकिल मिस्त्री हरिगढ़ नहर में कूदा, दो दिन से तलाश जारी

बरनाला : बरनाला जिले के कस्बा धनौला से एक आर्थिक तंगी के चलते दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। लगभग 7 लाख रुपये के कर्ज के बोझ से परेशान 45 वर्षीय जरनैल सिंह उर्फ जैला के हरिगढ़ नहर में कूदने की आशंका जताई जा रही है। घटना को दो दिन बीत चुके हैं, लेकिन उनका अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

साइकिल का काम कर परिवार का चलाते थे गुजारा-

परिवार के मुताबिक, जरनैल सिंह पिछले करीब 25 वर्षों से साइकिल रिपेयरिंग का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। उनके दो बेटे हैं, जो निजी काम कर परिवार का सहारा बने हुए हैं। परिजनों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जरनैल सिंह सिर पर लगभग 7 लाख रुपये का कर्ज होने के कारण अत्यधिक मानसिक तनाव और चिंता में थे।

स्कूटर लेकर घर से निकले थे जरनैल सिंह-

परिजनों के अनुसार, जरनैल सिंह बीते दिनों अपने स्कूटर पर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। काफी तलाश करने के बाद जब पता चला कि वह हरिगढ़ नहर की तरफ गए थे, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद से ही परिजन, रिश्तेदार और ग्रामीण नहर के आसपास लगातार उनकी तलाश में जुटे हुए हैं।

गोताखोर बंटी डल्ला की टीम कर रही है तलाश-

घटना की सूचना मिलते ही प्रसिद्ध गोताखोर बंटी डल्ला अपनी टीम और नाव के साथ हरिगढ़ नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गए हैं। गोताखोर बंटी डल्ला ने बताया कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बावजूद वह परिवार की मदद के लिए मौके पर पहुंचे और अब तक नहर में करीब 20 किलोमीटर के दायरे में तलाश की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है।

परिवार ने पंजाब सरकार से की मदद की अपील-

इस दुखद घड़ी में लापता जरनैल सिंह के बेटे हरविंदर सिंह और रिश्तेदार सोहन सिंह ने पंजाब सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है। परिवार ने प्रशासनिक स्तर पर तलाश अभियान तेज करने के साथ-साथ आर्थिक मदद की भी मांग की है। फिलहाल गोताखोर टीम, पुलिस और परिवार के सदस्य नहर के किनारे और पानी में जरनैल सिंह की तलाश लगातार जारी रखे हुए हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें