मोहाली (मनजाेत) : जिला प्रशासनिक परिसर, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में आपदा प्रबंधन (रासायनिक आपातकाल) के संदर्भ में डीआरओ अमनदीप चावला की अध्यक्षता में एक चर्चा आयोजित की गई। इसमें मुख्य रूप से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल बठिंडा की 7वीं वाहिनी की टीम ने भाग लिया। जिला राजस्व अधिकारी ने बताया कि इस टीम के प्रभारी इंस्पेक्टर/जीडी बलजीत सिंह ने एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से सभी को आपदाओं के दौरान आने वाली समस्याओं और कठिनाइयों के बारे में बताया और उनसे निपटने के लिए पहले से क्या व्यवस्था की जानी चाहिए, इसके बारे में विस्तार से बताया।

इस चर्चा में जिला मुख्यालय के विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों ने भाग लिया, जो किसी भी आपदा के दौरान विभिन्न आपदा प्रबंधन गतिविधियों का हिस्सा होते हैं, जैसे पुलिस विभाग, शिक्षा विभाग, उद्योग, रेडक्रॉस, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग, वन विभाग आदि। उन्होंने कहा कि टेबल-टॉप अभ्यास के बाद अगली प्रक्रिया फील्ड में जाकर अभ्यास करना होगा, जो 18 जनवरी 2024 को नेक्टर लाइफ साइंसेज लिमिटेड, डेराबस्सी, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में आयोजित किया जाएगा।