पंजाबः लुधियाना से लड़कियों के गायब होने के मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के नोटिस जारी करने के बाद जिला प्रशासन ने कोर्ट में अपना जवाब दाखिल कर दिया है। कोर्ट ने मामले की पूरी जांच करने और जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि पुलिस को लुधियाना से 10 लड़कियों के गायब होने की शिकायत मिली थी। उन्होंने कहा कि पुलिस और जिला प्रशासन के जॉइंट ऑपरेशन के दौरान इनमें से 8 लड़कियों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है। काउंसलिंग के बाद उन्हें उनके परिवारों को सौंप दिया गया है।
डीसी ने कहा कि ये लड़कियां शहर के अलग-अलग इलाकों की थीं और अलग-अलग निजी कारणों से घर से चली गई थीं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें ढूंढकर सुरक्षित घर वापस पहुंचाया। उन्होंने कहा कि बाकी दो लड़कियों को ढूंढने के लिए भी पुलिस की तरफ से कोशिशें की जा रही हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिमांशु जैन ने कहा कि प्रशासन भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ज़रूरी कदम उठा रहा है और संबंधित विभागों के साथ मिलकर जागरूकता और सुरक्षा व्यवस्था को और मज़बूत किया जाएगा। इस मौके पर उन्होंने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में चल रही कर्मचारियों की हड़ताल के बारे में भी बात की और कहा कि सरकार और संबंधित पक्षों के बीच बातचीत चल रही है और जल्द ही इसका हल निकालने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने पत्रकारों के पूछे गए दूसरे सवालों के भी जवाब दिए।
📍 Location: Ludhiana

