अमृतसर: बच्चों के अधिकारों के लिए कार्यरत संस्था जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी संस्था ज़िला युवा विकास संगठन (जेडवाईवीएस) की अमृतसर टीम द्वारा बाल विवाह के खिलाफ चलाए जा रहे 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत आज महत्वपूर्ण बैठकें आयोजित की गईं। सबसे पहले ज़िला युवा विकास संगठन की टीम द्वारा जिला बाल संरक्षण इकाई, अमृतसर में तरनजीत सिंह, जिला बाल संरक्षण अधिकारी के साथ बैठक की गई। बैठक में आगामी 27 नवंबर को बाल विवाह मुक्त दिवस के अवसर पर अमृतसर जिले में बड़े स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान ज़िला युवा विकास संगठन की टीम ने बताया कि अभियान के तहत अमृतसर जिले के विभिन्न गांवों एवं क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, जन-जागरूकता रैलियां, अभियान, शपथ कार्यक्रम तथा समुदाय आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही पंचायतों, स्कूलों, धार्मिक स्थलों, धार्मिक नेताओं, युवाओं, महिलाओं तथा आम नागरिकों को अभियान से जोड़कर बाल विवाह के खिलाफ व्यापक जन-जागरूकता पैदा करने पर जोर दिया गया, जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री तरनजीत सिंह ने अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि प्रशासन, बाल संरक्षण विभाग, पुलिस, पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं, धार्मिक नेताओं तथा आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त किया जा सकता है।
इसके बाद ज़िला युवा विकास संगठन की टीम द्वारा जिला जनसंपर्क अधिकारी श्री योगेश कुमार शर्मा के साथ बैठक की गई। बैठक में बाल विवाह मुक्त अभियान के संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर चर्चा की गई। संगठन की ओर से कहा गया कि मीडिया के माध्यम से बाल विवाह के दुष्प्रभावों तथा इसकी रोकथाम के संबंध में समाज के प्रत्येक वर्ग तक जागरूकता का संदेश पहुंचाया जा सकता है, ज़िला युवा विकास संगठन के अध्यक्ष श्री परमजीत सिंह बडोला ने कहा कि, “बाल विवाह बच्चों के अधिकारों का गंभीर उल्लंघन है। इससे बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। बाल विवाह को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। हमारा उद्देश्य है कि अमृतसर जिले के प्रत्येक गांव और प्रत्येक समुदाय तक बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश पहुंचे और सामूहिक प्रयासों से अमृतसर को बाल विवाह मुक्त बनाया जा सके।”
ज़िला युवा विकास संगठन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अमित चोपड़ा ने कहा कि संगठन द्वारा जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा तथा बाल विवाह की रोकथाम के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 100 दिवसीय अभियान के दौरान जिले में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर बाल विवाह के खिलाफ एक मजबूत जनअभियान खड़ा किया जाएगा, ज़िला युवा विकास संगठन की टीम ने जिला प्रशासन, संबंधित विभागों, पंचायतों, धार्मिक नेताओं, मीडिया तथा आम नागरिकों से अपील की कि 27 नवंबर बाल विवाह मुक्त दिवस तथा 100 दिवसीय अभियान के दौरान आयोजित होने वाली गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करें और बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने में सहयोग दें।
📍 Location: Amritsar (Amritsar)

