Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, 14 नवंबर को निकाला जाएगा अलौकिक नगर कीर्तन

November 6, 2024

श्री गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व की तैयारियां शुरू, 14 नवंबर को निकाला जाएगा अलौकिक नगर कीर्तन

Divine Nagar Kirtan : श्री गुरु नानक देव जी की 555वें प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई है। अलग-अलग सिख जत्थेबंदियां मीटिंग कर रही है। इस उपलक्ष्य में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आज गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में विभिन्न धार्मिक संगठनों के साथ बैठक की।

बैठक को संबोधित करते हुए SGPC के जूनियर उपाध्यक्ष जत्थेदार बलदेव सिंह कल्याण, शिरोमणि कमेटी सदस्य जत्थेदार जरनैल सिंह डोगरानवाल, मैनेजर गुरबख्श सिंह, सेवानिवृत्त मैनेजर जरनैल सिंह बूले, एडिशनल मैनेजर चंचल सिंह ने कहा कि SGPC और देशभर के लोगों के सहयोग से श्री गुरु नानक देव जी महाराज का 555वां प्रकाश पर्व बड़ी धूमधाम और भक्तिभाव से मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 13 व 14 नवंबर की मध्य रात्रि 2:30 बजे श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा, जिसका भोग 15 व 16 नवंबर की मध्य रात्रि 1:40 बजे होगा। इस दौरान पुष्प वर्षा की जाएगी।

उन्होंने बताया कि नगर कीर्तन 14 नवंबर को सुबह 10 बजे गुरुद्वारा श्री संत घाट साहिब से शुरू होकर सुल्तानपुर लोधी के विभिन्न बाजारों से होते हुए गुरुद्वारा श्री बेर साहिब में समाप्त होगा। इसी दिन शाम 4 बजे से 16 नवंबर सुबह 9 बजे तक भाई मरदाना दीवान हॉल में धार्मिक दीवान का आयोजन होगा, जिसमें पंथ प्रसिद्ध रागी, ढाडी और कविश्री जत्थे भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को शाम 7 बजे भव्य दीपमाला होगी और आतिशबाजी की जायेगी। इसी दिन दोपहर 12 बजे अमृत संचार भी होगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं के लिए आवास और लंगर की पूरी व्यवस्था की गई है। इस मौके पर गुरुद्वारा साहिब प्रबंधन की ओर से अलग-अलग संस्थाओं की सेवा के लिए ड्यूटियां लगाई गईं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें