अंतिम संस्कार में गिप्पी ग्रेवाल, बब्बू मान और जैजी बी समेत कई कलाकार पहुंचे
जालंधरः स्पीड रिकॉर्ड के मालिक दिनेश ओलख के बेटे दिवित ओलख का आज मॉडल टाउन श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया। रविवार को पुलिस लाइन के पास हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दिवित की जान चली गई थी। आज जब दिवित का पार्थिव शरीर श्मशान घाट पहुंचा तो वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। अपने बेटे को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की बड़ी हस्तियां अंतिम विदाई देने पहुंचीं
दिवित ओलख को अंतिम विदाई देने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के कई मशहूर कलाकार भी श्मशान घाट पहुंचे। इनमें गिप्पी ग्रेवाल, बब्बू मान, जैजी बी, सतिंदर सरताज, अमृत मान, प्रीत हरपाल और रणजीत बावा सहित कई अन्य कलाकार शामिल रहे। इस दौरान कई गायकों ने दिवित की अर्थी को कंधा दिया और परिवार के साथ दुख साझा किया।
परिवार को रोता देख कलाकारों की आंखें भी हुईं नम
श्मशान घाट में जब परिवार के लोग दिवित के पार्थिव शरीर को देखकर रो रहे थे तो वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो गया। दिवित की मां अपने बेटे के शव के पैरों को छूकर लगातार रो रही थीं और उसे पुकार रही थीं। मां की यह हालत देखकर वहां मौजूद लोगों और पंजाबी कलाकारों की आंखों से भी आंसू छलक पड़े। हर कोई इस दुखद पल में परिवार को सांत्वना देने की कोशिश करता नजर आया।
पिता ने बेटे को दी मुखाग्नि, भाई भी फूट-फूटकर रोया
दिवित के पिता दिनेश ओलख ने अपने बेटे को मुखाग्नि दी। इस दौरान परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कनाडा से लौटा दिवित का भाई भी श्मशान घाट में पिता के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगा। पिता और भाई को इस तरह रोता देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे श्मशान घाट में शोक का माहौल बना रहा।
हादसे के तुरंत बाद मां के मोबाइल पर पहुंचा था अलर्ट
जानकारी के मुताबिक, जिस समय दिवित का सड़क हादसा हुआ, उस समय उसके मोबाइल फोन में क्रैश डिटेक्शन फीचर चालू था। इसके अलावा उसकी मां का नंबर इमरजेंसी कॉन्टैक्ट के रूप में सेव किया गया था। हादसा होते ही दिवित के मोबाइल से उसकी मां के फोन पर दुर्घटना का अलर्ट और लोकेशन पहुंच गई थी।
अलर्ट मिलने के बाद मां ने तुरंत परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोगों ने दिवित को फोन करने की कोशिश की, लेकिन उससे संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद जब उसके दोस्तों से बात की गई तो परिवार को सड़क हादसे की जानकारी मिली।
दिवित औलख की अचानक हुई मौत से परिवार, रिश्तेदारों, दोस्तों और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में शोक की लहर है। आज अंतिम संस्कार के दौरान जिस तरह बड़ी संख्या में लोग दिवित को विदाई देने पहुंचे, उससे उनके प्रति लोगों का प्यार और जुड़ाव साफ दिखाई दिया। पूरे माहौल में सिर्फ दुख और बिछड़ने का दर्द नजर आया।

